@शब्द दूत ब्यूरो (10 मई 2026)
काशीपुर। समर स्टडी हॉल विद्यालय में मातृ दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माताओं के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता की भावना स्पष्ट रूप से झलकती नजर आई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती दीपाली सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने माताओं के त्याग, समर्पण और निस्वार्थ प्रेम को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताया। इस अवसर पर विद्यालय द्वारा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 3 से 6 तक के विद्यार्थियों एवं उनकी माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कक्षा 3 एवं 4 के विद्यार्थियों की माताओं के लिए “फोटो फ्रेम गतिविधि” आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं कक्षा 5 एवं 6 की माताओं ने “फायरलेस कुकिंग गतिविधि” में भाग लेकर बिना आग के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर सभी को प्रभावित किया। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और लगन के साथ कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता माताओं को आकर्षक गिफ्ट हैम्पर देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर डायरेक्टर दीपाली सिंह ने सभी माताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनुज भाटिया ने अपने संबोधन में कहा कि मां ही बच्चे की पहली शिक्षिका होती है, क्योंकि बच्चा विद्यालय आने से पहले मां की गोद में ही जीवन के मूल संस्कार सीखता है। उन्होंने सभी माताओं को मातृ दिवस की हार्दिक बधाई दी और विजेता माताओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन पूनम अरोड़ा ने किया। इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य मनु अग्रवाल सहित नेहा पंत, काजिम रिजवी, निधि गुप्ता, अजरा तबस्सुम और हिमानी पुरोहित समेत विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पूरे कार्यक्रम का वातावरण प्रेम, सम्मान और मातृत्व की भावनाओं से सराबोर रहा, जिसने सभी के दिलों को छू लिया।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
