Breaking News

काशीपुर में स्वच्छता चौपाल की अनोखी पहल : महापौर दीपक बाली ने नागरिकों से मांगा सहयोग, कचरा अलग करने वाले परिवारों को मिलेगा 10% हाउस टैक्स में लाभ, देखिए वीडियो

@शब्द दूत ब्यूरो (11 अगस्त 2026)

काशीपुर। आवास विकास वार्ड नंबर 17 में मंगलवार को स्वच्छता चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली ने नागरिकों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और स्वच्छता कर्मियों के साथ शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने को लेकर संवाद किया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सफाई व्यवस्था की चर्चा करना नहीं, बल्कि नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार भागीदार बनाना रहा।

महापौर दीपक बाली ने कहा कि नगर निगम अकेले पूरे शहर को स्वच्छ नहीं रख सकता। शहर की सफाई व्यवस्था में नगर निगम के साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर का कचरा सड़क, नाली या खाली प्लॉट में न डालें और उसे निर्धारित कूड़ा वाहन को ही दें।

उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या में नालियों में जमा प्लास्टिक और पॉलीथीन भी बड़ी बाधा बनते हैं। हाल की बारिश का उदाहरण देते हुए महापौर ने कहा कि कई स्थानों पर कुछ घंटों में पानी निकल गया, जिसका एक कारण नगर निगम के कर्मचारियों और नागरिकों द्वारा नालियों से प्लास्टिक-पॉलीथीन निकालकर पानी की निकासी सुचारु करना भी रहा।

महापौर ने शहर की जल निकासी व्यवस्था को लेकर कहा कि काशीपुर के लिए लगभग 602 करोड़ रुपये की ड्रेनेज योजना तैयार की गई है। इसके प्रथम चरण में रामनगर रोड से मुरादाबाद रोड तक के क्षेत्र को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के लिए लगभग 220 करोड़ रुपये का टेंडर अपलोड किया जा चुका है और 10 सितंबर को इसे खोला जाना प्रस्तावित है।

उन्होंने कहा कि शहर की आबादी पिछले वर्षों में काफी बढ़ी है, जबकि पुराने समय की नालियां और नाले उसी अनुपात में विकसित नहीं हुए हैं। ऐसे में बड़े स्तर की ड्रेनेज योजना के बिना जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं था।

महापौर ने कहा कि योजना के तहत नालों और नालियों को चौड़ा करने, बड़े नालों को पक्का करने तथा आवश्यक स्थानों पर स्लैब डालने जैसे कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि योजनाएं पहले दिमाग में आती हैं, फिर कागज पर और उसके बाद धरातल पर उतरती हैं। इस पूरी प्रक्रिया में समय लगता है।

स्वच्छता चौपाल में महापौर ने नागरिकों के लिए प्रोत्साहन योजना की घोषणा करते हुए कहा कि जो परिवार घर से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग करके नगर निगम की कूड़ा गाड़ी को देंगे, उन्हें स्वच्छ परिवार प्रमाण पत्र दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यदि किसी परिवार को एक महीने में तीन स्वच्छ परिवार प्रमाण पत्र प्राप्त होते हैं तो उसे हाउस टैक्स में 10 प्रतिशत की रियायत देने का प्रावधान किया जाएगा। इसका उद्देश्य नागरिकों को कचरा पृथक्करण के लिए प्रोत्साहित करना है।

महापौर ने कहा कि सूखा और गीला कचरा अलग रखने के लिए नगर निगम द्वारा प्रत्येक घर को दो डस्टबिन निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह अभियान वार्ड नंबर एक से शुरू किया गया है और लगभग साढ़े तीन महीने में घर-घर तक डस्टबिन पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि डस्टबिन वितरण के लिए केवल किसी एक स्थान पर डस्टबिन रखकर नागरिकों को बुलाने के बजाय नगर निगम की टीम घर-घर जाकर इन्हें वितरित करेगी।
महापौर दीपक बाली ने नागरिकों से स्वच्छता कर्मियों के प्रति सम्मान का भाव रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र धूप, बारिश और खराब मौसम में भी शहर की सफाई के लिए काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि नागरिक अपने घर के सामने की सफाई की जिम्मेदारी भी स्वयं निभाएं। घर के अंदर सफाई रखने के साथ सड़क, पार्क और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को भी अपना समझना होगा, तभी शहर वास्तविक रूप से स्वच्छ बन सकेगा।

कार्यक्रम में नागरिकों को कचरा पृथक्करण की जानकारी देने के लिए मनोरंजक खेल और गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों से अलग-अलग प्रकार के कचरे को उचित डस्टबिन में डालने के बारे में सवाल पूछे गए।
कार्यक्रम के दौरान प्लास्टिक, जैविक कचरे, रासायनिक एवं खतरनाक कचरे तथा रिसाइकिल होने वाली वस्तुओं के अलग-अलग निस्तारण की जानकारी दी गई। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को व्यवहारिक तरीके से कचरा प्रबंधन समझाना था।

महापौर ने कहा कि आवास विकास वार्ड नंबर 17 से शुरू की गई स्वच्छता चौपाल को काशीपुर नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में ले जाया जाएगा। नगर निगम के अधिकारी, स्वच्छता कर्मी, स्वच्छता साथी और पार्षदों की सहभागिता से इन कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है। जब नागरिक स्वयं अपने घर, गली, सड़क और सार्वजनिक स्थानों को अपना मानकर जिम्मेदारी निभाएंगे, तभी काशीपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।
पौधारोपण और पौधों के संरक्षण पर भी जोर

स्वच्छता चौपाल में पर्यावरण संरक्षण को लेकर पौधारोपण और पौधों की देखभाल का संकल्प भी दिलाया गया। महापौर ने कहा कि केवल पौधा लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि शहर के लगभग 40 पार्कों के विकास का प्रोजेक्ट तैयार कर उच्च स्तर पर भेजा गया है। आवास विकास के पार्क को बेहतर बनाने के लिए स्थानीय औद्योगिक संस्था के सहयोग से भी कार्य किया जाएगा।

महापौर ने बताया कि 15 अगस्त को नगर निगम परिसर में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के बाद सुबह 11:30 बजे तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा पुराने बाजार से होते हुए तलविका चौक तक जाएगी, जहां लगभग 135 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज के कार्यक्रम में नागरिकों के साथ सहभागिता की जाएगी।

महापौर ने कहा कि उनका कार्यकाल साढ़े तीन वर्ष और शेष है, लेकिन स्वच्छता की मुहिम केवल कार्यकाल तक सीमित नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि काशीपुर को स्वच्छ बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग लगातार लिया जाता रहेगा।

इस मौके पर मुख्य नगर आयुक्त रविन्द्र बिष्ट , एसआई गणेश ध्यानी , एसआई इकबाल , पार्षद पुष्कर बिष्ट , पार्षद संदीप , डॉ आर सी शर्मा , हरिपाल चौहान , जय नंदन गुरू , आनंद रावत , जय प्रकाश अग्रवाल , दीपक चौधरी , शेष कुमार सितारा , एमपी गुप्ता ,अंकुर रस्तोगी , जी के अग्रवाल , कपिल , पूनम बिष्ट , अंजली बिष्ट , पंकज जग्गा , दीवान सिंह , कृष्ण कुमार , अजय कंडारी , पीयूष प्रधान , हरीश राम आर्य , अंजु , रमा , रानी , आस्था शर्मा , गीता , रंजना , ज्योति , दुलार सिंह , हेमन्त भट्ट , लक्ष्मण दास , डॉ वेद प्रकाश चौहान , जे पी अग्रवाल , प्रदीप चौहान , नीरज चौधरी , नरेश पाल यादव , हरेश राम आर्य समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

हल्द्वानी :विद्युत संविदा कर्मचारियों की बैठक में नियमितीकरण की रणनीति पर मंथन, समान कार्य-समान वेतन लागू होने पर जताई खुशी

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (09 अगस्त 2026) हल्द्वानी। उत्तराखंड विद्युत संविदा कर्मचारी …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-