@शब्द दूत ब्यूरो (11 मई 2026)
काशीपुर में नगर निगम द्वारा स्वच्छता अभियान को अब युद्ध स्तर पर तेज कर दिया गया है और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है। महापौर दीपक बाली के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों को सीधे दंडित किया जा रहा है।
इसी क्रम में सरकारी अस्पताल के सामने लगे डस्टबिनों का निरीक्षण अमरजीत सिंह साहनी द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान चौंकाने वाली स्थिति सामने आई—डस्टबिन खाली थे, जबकि उनके नीचे कूड़ा फैला हुआ था। जांच में यह कूड़ा Domino’s Pizza का पाया गया।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने तत्काल डोमिनोज के कर्मचारियों को मौके पर बुलाकर कूड़ा उठाने के निर्देश दिए, लेकिन लापरवाही जारी रहने पर नगर निगम की टीम ने खुद कूड़ा उठाकर डस्टबिन में डाला और फिर प्रतिष्ठान के गेट पर रख दिया। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि इस प्रकार की लापरवाही दोहराई गई तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गंदगी फैलाने और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने पर डोमिनोज पिज्जा पर 5000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। यह कार्रवाई शहर में साफ संदेश देने के लिए की गई है कि स्वच्छता के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महापौर दीपक बाली और नगर स्वास्थ्य अधिकारी अमरजीत सिंह साहनी ने स्पष्ट कहा है कि नगर निगम स्वच्छता को लेकर पूरी तरह गंभीर है और अब अभियान को और तेज किया जाएगा। उन्होंने आम जनता और व्यापारियों से अपील की कि वे कूड़ा केवल डस्टबिन में ही डालें और शहर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करें।
नगर निगम की इस सख्ती से यह साफ हो गया है कि अब काशीपुर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
