@शब्द दूत ब्यूरो (07 मई 2026)
रुद्रपुर। शहर के खेड़ा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब चांद मस्जिद के पास सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की सूचना मिलने पर प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचे महापौर विकास शर्मा, एडीएम पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों ने जब जांच की, तो एक चौंकाने वाला मामला सामने आया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरकारी भूमि पर कब्जा करने के उद्देश्य से अब्बास नामक व्यक्ति ने अपने पिता को घर के अंदर ही दफनाकर वहां मजार का रूप दे दिया। इतना ही नहीं, मजार को पुराना दिखाने के लिए उसे पन्नी से ढक दिया गया, ताकि किसी को शक न हो।
प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। भूमि से जुड़े दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं और अवैध अतिक्रमण व निर्माण को लेकर विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
महापौर विकास शर्मा ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति के निधन के बाद उसे निर्धारित कब्रिस्तान में ही दफनाया जाना चाहिए, न कि सरकारी भूमि पर इस प्रकार कब्जा किया जाए। अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
घटना की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में चर्चाओं का माहौल बन गया।
एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि आरोपी को नोटिस जारी किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
