@शब्द दूत ब्यूरो (06 मई 2026)
रुद्रपुर। जिलाधिकारी उधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर ग्राम फजलपुर महरौला, रुद्रपुर में सीलिंग की वादग्रस्त भूमि पर अवैध कब्जे और अवैध रूप से विद्यालय संचालन के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।
शिकायत के आधार पर की गई जांच में पाया गया कि “डिजिटल ग्लोबल वर्ल्ड स्कूल” के संचालक शकील द्वारा लगभग 400 वर्ग मीटर सीलिंग की विवादित भूमि पर बिना स्वामित्व के बाउंड्रीवाल बनाकर कब्जा किया जा रहा था। इस पर राजस्व विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त भूमि के गेट को सील कर उसे अपने कब्जे में ले लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि विद्यालय का मूल भवन करीब 400 वर्ग गज भूमि पर निर्मित है, लेकिन बिना भूमि स्वामित्व और स्वीकृत मानचित्र के ही वर्ष 2025 में विद्यालय संचालन की मान्यता प्राप्त कर स्कूल चलाया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे अगले दिन तक जांच पूरी कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने क्षेत्र में अन्य अवैध निर्माणों की भी तत्काल जांच के निर्देश प्राधिकरण और राजस्व विभाग को दिए हैं। साथ ही विद्युत विभाग को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बिना भूमि स्वामित्व और स्वीकृत नक्शे के किसी भी निर्माण को बिजली कनेक्शन न दिया जाए।
कार्रवाई के दौरान एडीएम (प्रशासन), नगर आयुक्त, एसडीएम रुद्रपुर, तहसीलदार रुद्रपुर, प्राधिकरण, विद्युत विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। एडीएम प्रशासन पंकज उपाध्याय ने बताया कि अवैध कब्जे और नियमों के उल्लंघन पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
