Breaking News

उत्तराखंड में मौसम का कहर: दो दिन का ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन अलर्ट मोड में, सचिव आपदा प्रबंधन ने की समीक्षा बैठक, जनपदों को सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के निर्देश

@शब्द दूत ब्यूरो (03 मई 2026)

देहरादून। राज्य में जारी खराब मौसम और ऑरेंज अलर्ट के बीच आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। रविवार को आए आंधी-तूफान और बारिश के बाद सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जनपदों के साथ बैठक कर स्थिति का विस्तृत जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

सचिव ने बताया कि मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र और जिला स्तर पर अलर्ट सूचनाएं तुरंत आम जनता तक पहुंचाने को कहा गया है, ताकि लोग समय रहते सतर्क हो सकें।

मौसम विभाग के अनुसार 4 मई को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चम्पावत में तथा 5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में तेज बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि बाधित सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द खोला जाए। कई स्थानों पर सड़कों के बंद होने की सूचना मिली थी, जिनमें से अधिकांश को सुचारु कर दिया गया है, जबकि शेष मार्गों को खोलने का कार्य जारी है।

वहीं चारधाम यात्रा को देखते हुए हेलीकॉप्टर सेवाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। खराब मौसम में उड़ानों को रोकने और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया है।

सचिव ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे मौसम चेतावनियों को गंभीरता से लें, अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

Check Also

कमर्शियल गैस सिलेंडर 993 रुपये महंगा: आम आदमी से लेकर होटल उद्योग तक पड़ेगा व्यापक असर

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (01 मई 2026) नयी दिल्ली। कमर्शियल एलपीजी गैस …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-