@शब्द दूत ब्यूरो (29 अप्रैल 2026)
काशीपुर। चैती मेला समाप्ति के बाद पहली बार नगर निगम द्वारा वृहद स्तर पर स्वच्छता महाअभियान चलाया गया। बुधवार सुबह महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में मेला परिसर में इस विशेष अभियान का शुभारंभ हुआ, जिसमें शहरभर से नागरिकों, सामाजिक संगठनों, विद्यालयों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
नगर निगम द्वारा “जहां उत्सव, वहां स्वच्छता” के संदेश के साथ सुबह 7 बजे शुरू हुए इस अभियान में पूरे मेला क्षेत्र को चार जोन में विभाजित कर व्यापक सफाई कार्य किया गया। कचरा संग्रहण, प्लास्टिक और कांच हटाने के साथ परिसर को व्यवस्थित करने पर विशेष ध्यान दिया गया।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि चैती मेला जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के बाद स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास भी है। जनभागीदारी से ही ऐसे प्रयास सफल होते हैं और काशीपुर को स्वच्छ व आदर्श शहर बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
अभियान में नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, व्यापारी और सैकड़ों की संख्या में स्कूली बच्चों ने भागीदारी निभाई। कुमाऊं गढ़वाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री सहित विभिन्न संस्थाओं का भी सक्रिय सहयोग रहा।
इस दौरान महापौर दीपक बाली अपनी बेटी मुद्रा बाली के साथ सभी जोन में पहुंचकर स्वयं सफाई कार्य में जुटे रहे। खास बात यह रही कि अभियान के दौरान मौसम ने भी साथ दिया और बारिश होने से उड़ रही धूल शांत हो गई, जिससे सफाई कार्य में और तेजी आई।
यह पहला अवसर है जब मेला समाप्ति के तुरंत बाद नगर निगम ने इतने बड़े स्तर पर स्वच्छता महाअभियान चलाया। इस पहल की शहरभर में सराहना हो रही है और लोग महापौर के इस प्रयास को काशीपुर के लिए एक सकारात्मक पहल के रूप में देख रहे हैं।
अभियान के समापन पर सभी प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई, जिसमें महापौर प्रतिनिधि चौधरी समरपाल सिंह का विशेष योगदान रहा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
