@शब्द दूत ब्यूरो (23 अप्रैल 2026)
टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद से एक बेहद हृदयविदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। चंबा क्षेत्र के नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर सवारियों से भरा एक यूटिलिटी वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन में कुल 11 लोग सवार थे, जो हरिद्वार से एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति के अंतिम संस्कार में ये लोग शामिल होने गए थे, इस दुर्घटना में उसके बेटे की भी मौत हो गई, जिससे घटना और भी मार्मिक हो गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। दोनों घायलों को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रशासन के अनुसार यह हादसा दोपहर बाद उस समय हुआ जब सभी लोग भोजन के बाद आगे बढ़े थे। दुर्घटना के बाद पूरे नैलचामी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।
इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
