बताया गया कि सुबह पड़ोस में रहने वाली करीब तीन वर्षीय बच्ची सोनी बरामदे में मुंह धोने के लिए पहुंची। इसी दौरान उसकी नजर तारा सिंह पर पड़ी।
@शब्द दूत ब्यूरो (08 अगस्त 2026)
बागेश्वर। कपकोट ब्लॉक मुख्यालय के समीप नगर पंचायत के वार्ड संख्या-7 में खीरगंगा नदी किनारे क्षेत्र पंचायत सदस्य का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जालेख निवासी 48 वर्षीय तारा सिंह कोरंगा पुत्र सेवानिवृत्त सूबेदार मोहन सिंह कोरंगा के रूप में हुई है। तारा सिंह वर्तमान में गडेरा क्षेत्र से क्षेत्र पंचायत सदस्य थे।
जानकारी के अनुसार तारा सिंह का परिवार जालेख गांव में रहता था, जबकि वह खीरगंगा नदी किनारे स्थित अपने आवास में अकेले रहते थे। बताया गया कि सुबह पड़ोस में रहने वाली करीब तीन वर्षीय बच्ची सोनी बरामदे में मुंह धोने के लिए पहुंची। इसी दौरान उसकी नजर तारा सिंह पर पड़ी। बच्ची ने घर जाकर अपनी मां को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद आसपास के लोगों को घटना का पता चला।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तारा सिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
बताया गया कि तारा सिंह अपने परिवार में इकलौते बेटे थे। उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी और तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। एक बेटी का विवाह हो चुका है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होने की उम्मीद है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal