@शब्द दूत ब्यूरो (21 अप्रैल 2026)
काशीपुर। नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से नगर निगम काशीपुर द्वारा चलाए जा रहे अभियान को नई दिशा देते हुए बीती रात द्रोणा सागर पर भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लेकर स्वच्छता का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश था कि बुद्धिमान व्यक्ति मलीनता का त्याग कर स्वच्छता को अपनाता है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने दीप प्रज्वलित कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और शहर को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लिया।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि काशीपुर को देश के स्वच्छ शहरों की सूची में शामिल करने के लिए नगर निगम लगातार प्रयासरत है। इसके तहत समय-समय पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, स्कूलों में अभियान और रैलियों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि हर वर्ग तक स्वच्छता का संदेश पहुंचे।
दीपोत्सव कार्यक्रम में पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में पार्षद कुलदीप शर्मा, अनिल कुमार, रवि प्रजापति, वैशाली गुप्ता, अनीता कांबोज, मयंक मेहता, प्रिंस बाली, शिवांश गोले, पुष्कर सिंह बिष्ट तथा भाजपा नेता ईश्वर चंद्र गुप्ता, राजीव अरोरा, बच्चू, संजय भाटिया, जसवीर सिंह सैनी, चौधरी समरपाल सिंह, मुकेश पाहवा, सुखविंदर सिंह सुक्खा, प्रकाश नेगी, शशिकांत गुप्ता, गौरव गुप्ता, गुरनाम सिंह, योगेश बिश्नोई, अमित शर्मा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
इससे पूर्व नगर निगम की टीम ने सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट के नेतृत्व में द्रोणा सागर परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया, जिससे कार्यक्रम का संदेश और अधिक प्रभावी रूप में सामने आया।
इस आयोजन ने न केवल स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई, बल्कि शहरवासियों को एकजुट होकर काशीपुर को स्वच्छ बनाने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी किया।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
