@शब्द दूत ब्यूरो (17 अप्रैल 2026)
काशीपुर। काशीपुर मंडी में गेहूं खरीद प्रक्रिया आखिरकार शुरू हो गई है। मंडी परिसर में सरकारी कांटे लगाए जाने के बाद तुलाई का काम प्रारंभ हो गया है। किसानों और अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को लेकर संतोष जताया है, हालांकि देरी से शुरू हुई खरीद और भुगतान को लेकर कुछ चिंताएं भी सामने आई हैं।
मंडी पहुंचे किसानों ने बताया कि इस बार व्यवस्थाएं बेहतर हैं और किसी प्रकार की बड़ी दिक्कत नहीं है। यूपी के नरेंद्रपुर गांव से आए किसान सुजान सिंह ने कहा कि “सरकारी कांटे सुचारू रूप से लगे हैं और व्यवस्था ठीक है।” इसी तरह अन्य किसानों ने भी शुरुआती व्यवस्था को संतोषजनक बताया।
हालांकि, कई किसानों ने यह भी बताया कि सरकारी खरीद देर से शुरू होने के कारण उन्हें मजबूरी में अपना गेहूं प्राइवेट व्यापारियों को कम दाम पर बेचना पड़ा। किसान रामकिशोर ने बताया कि जहां सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य ₹2585 प्रति क्विंटल है, वहीं प्राइवेट फर्मों ने ₹2300–₹2400 प्रति क्विंटल तक ही गेहूं खरीदा।
किसानों का कहना है कि यदि समय पर सरकारी खरीद शुरू हो जाती, तो उन्हें नुकसान नहीं उठाना पड़ता। देरी के चलते बड़ी मात्रा में गेहूं पहले ही निजी हाथों में जा चुका है।
स्थानीय किसान बलवंत सिंह ने बताया कि पहले दिन तुलाई धीमी रही, जिसका कारण लेबर की कमी रहा। हालांकि अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही अतिरिक्त श्रमिकों की व्यवस्था कर तुलाई तेज की जाएगी।
वहीं, नीतू सिंह मार्केटिंग इंस्पेक्टर ने जानकारी दी कि मंडी में अब तक लगभग 800 क्विंटल गेहूं की तुलाई हो चुकी है और कुल लक्ष्य करीब 5000 क्विंटल रखा गया है।
मंडी सचिव योगेश तिवारी ने बताया कि किसानों को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनमें नमी मापक यंत्र, छनाई, सिलाई मशीन और तुलाई के लिए कांटे शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार मंडी केवल सुविधा प्रदान करती है, जबकि खरीद की प्रक्रिया संबंधित एजेंसियों द्वारा की जाती है।
इसके बावजूद किसानों ने भुगतान में देरी को लेकर नाराजगी जताई। कुछ किसानों का कहना है कि पहले बेचे गए धान का भुगतान भी अभी तक नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
कुल मिलाकर, काशीपुर मंडी में गेहूं खरीद की शुरुआत सकारात्मक रही है, लेकिन समय पर खरीद और भुगतान सुनिश्चित करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal