बताया जा रहा है कि मृतकों में बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हैं, जिससे यह हादसा और भी अधिक दर्दनाक हो गया है।
@शब्द दूत ब्यूरो (04 अप्रैल 2026)
नासिक। जिले के दिंडोरी तालुका से शुक्रवार देर रात एक बेहद हृदयविदारक हादसे की खबर सामने आई, जहां एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना शिवाजी नगर क्षेत्र में उस समय हुई, जब परिवार के सभी सदस्य एक कार्यक्रम से लौटकर अपने गांव जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, दर्गुडे परिवार के सभी सदस्य एक चारपहिया वाहन (एमपीवी) में सवार थे और एक कोचिंग क्लास के कार्यक्रम से लौट रहे थे। रात का समय होने और क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी न होने के कारण चालक को सड़क किनारे स्थित गहरा कुआं दिखाई नहीं दिया। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सीधे पानी से भरे कुएं में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और आपदा राहत टीम मौके पर पहुंची। बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया। कुएं में भरे पानी और अंधेरे के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतें आईं। दो क्रेनों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला गया। लेकिन जब तक कार को बाहर निकाला गया, तब तक सभी सवारों की मौत हो चुकी थी।
इस हादसे में जिन लोगों की जान गई, उनकी पहचान इस प्रकार हुई है—
सुनील दत्तात्रेय दरगुडे (32), रेशमा सुनील दरगुडे (27), आशा अनिल दरगुडे (32), खुशी अनिल दरगुडे (14), माधुरी अनिल दरगुडे (13), श्रेयस अनिल दरगुडे (11), राखी (गुनवंती) सुनील दरगुडे (11), श्रावणी अनिल दरगुडे (11) और समृद्धि राजेंद्र दरगुडे (7)।
बताया जा रहा है कि मृतकों में बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हैं, जिससे यह हादसा और भी अधिक दर्दनाक हो गया है। पूरा परिवार दिंडोरी के इंदौर गांव का निवासी था और एक ही झटके में परिवार की पूरी पीढ़ी खत्म हो गई।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए थे। प्रशासन ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि हादसा चालक की नजर चूकने और अंधेरे के कारण हुआ, हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में खुले कुओं की सुरक्षा और सड़क किनारे पर्याप्त संकेत व बैरिकेडिंग की आवश्यकता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal