Breaking News

हल्द्वानी में उत्तराखंडी फिल्म फेस्टिवल 2026 में प्रदर्शित होगी शॉर्ट फिल्म ‘ऐना’, 50 से अधिक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में बना चुकी है पहचान, पहाड़ की संवेदनाओं और पलायन की पीड़ा पर्दे पर जीवंत

@शब्द दूत ब्यूरो (22 नवंबर 2026)

हल्द्वानी। उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पहाड़ की संवेदनाओं और पलायन की पीड़ा को पर्दे पर जीवंत करने वाली शॉर्ट फिल्म ‘AINA (ऐना) – A Tale from the Heart of the Himalayas’ का चयन उत्तराखंड फिल्म फेस्टिवल 2026 के लिए हुआ है। फिल्म का प्रदर्शन आगामी 5 दिसंबर 2026 को हल्द्वानी स्थित उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में दोपहर 2 बजे से 2:45 बजे तक किया जाएगा। 32 मिनट की यह फिल्म दर्शकों को पहाड़ के जीवन, रिश्तों और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का भावनात्मक संदेश देती है।

सिद्धि सिने प्रोडक्शन की निर्मात्री पूजा सिंह और फिल्म के लेखक एवं निर्देशक जगदीश चंद्र तिवारी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरी टीम के लिए गर्व और भावनात्मक खुशी का क्षण है। उन्होंने उत्तराखंड की क्षेत्रीय फिल्मों, लोक संस्कृति और पहाड़ की कहानियों को मंच प्रदान करने के लिए फिल्म फेस्टिवल की आयोजक टीम का आभार व्यक्त किया।

फिल्म ‘ऐना’ इससे पहले 50 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित हो चुकी है। इस दौरान फिल्म को बेस्ट शॉर्ट फिल्म, बेस्ट स्टोरी, बेस्ट स्क्रीनप्ले, बेस्ट सिनेमैटोग्राफी, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट प्रोड्यूसर और बेस्ट एडिटर सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

फिल्म में वीरेंद्र पुंडियाल ने गोपिया और अंकिता परिहार ने गैंदा की मुख्य भूमिका निभाई है। बाल कलाकार के रूप में भावेश भट्ट ने अभिनय किया है। इसके अलावा हेमंत पांडे, गोपा नयाल, राधा तिवारी और भुवन चंद्र जोशी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म की लेखन एवं निर्देशन की जिम्मेदारी जगदीश चंद्र तिवारी ने संभाली है, जबकि निर्माता पूजा सिंह हैं। सिनेमैटोग्राफी कुलदीप रावत, संपादन गिरीश वर्मा और कला निर्देशन बसंत बल्लभ ने किया है। प्रोडक्शन की जिम्मेदारी भुवन जोशी एवं गिरीश भट्ट ने निभाई है। फिल्म के संगीत निर्देशक रंजीत सिंह हैं। टाइटल सॉन्ग को दीवान कनवाल और डॉ. अजय ढौंडियाल ने अपनी आवाज दी है।

निर्देशक जगदीश चंद्र तिवारी के अनुसार, ‘ऐना’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि पहाड़ की संवेदनाओं, पलायन की पीड़ा, पारिवारिक रिश्तों और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने की भावनात्मक कहानी है। फिल्म की इस यात्रा में कलाकारों, तकनीशियनों, शुभचिंतकों और दर्शकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

फिल्म के उत्तराखंडी फिल्म फेस्टिवल 2026 में चयन को क्षेत्रीय सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पहाड़ की कहानियों को एक बार फिर बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

Check Also

मुख्यमंत्री आवास में पारंपरिक उल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया लोकपर्व इगास, मुख्यमंत्री धामी ने भैलो खेलकर निभाई लोक परंपरा

🔊 Listen to this *मुख्यमंत्री आवास में पारंपरिक उल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-