@शब्द दूत ब्यूरो (18 नवंबर 2026)
काशीपुर। कुंडेश्वरी क्षेत्र में डंपरों की तेज रफ्तार और उनसे होने वाले हादसों का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। बीती रात कुंडेश्वरी आईआईएम रोड पर डंपर की चपेट में आने से एक सिक्योरिटी गार्ड की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक ढकिया के हरिनगर का 38 वर्षीय चंद्र शेखर है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने बुधवार को मृतक का शव कुंडेश्वरी स्थित शहीद चौक पर रखकर धरना शुरू कर दिया। परिजनों की मांग है कि हादसे के जिम्मेदार डंपर चालक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और उन्हें न्याय दिलाया जाए।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। मंगलवार रात करीब 9:45 बजे वह अपनी ड्यूटी से घर लौट रहा था। इसी दौरान कुंडेश्वरी आईटीएम रोड पर एक डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के परिवार में दो छोटे बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार, वह करीब 12 हजार रुपये प्रतिमाह की नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।
हादसे के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बुधवार को परिजन शव लेकर शहीद चौक पहुंच गए और बीच चौराहे पर शव रखकर धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि घटना को 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद पुलिस आरोपी डंपर चालक को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। परिजनों का कहना है कि उन्हें अब तक घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्य चौराहे पर कैमरों की व्यवस्था होने के बावजूद घटना के जिम्मेदार वाहन का पता क्यों नहीं लगाया जा सका।
धरने पर बैठे मृतक के परिजनों ने कहा कि उन्हें किसी अन्य बात से मतलब नहीं है। उनकी पहली मांग है कि जिस डंपर चालक ने उनके परिवार के सदस्य की जान ली है, उसे पकड़कर उनके सामने लाया जाए और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने डंपरों से कथित वसूली का मुद्दा उठाते हुए प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए।
धरने में पहुंचे स्थानीय लोगों ने भी कुंडेश्वरी क्षेत्र में डंपरों की आवाजाही और तेज रफ्तार को लेकर नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि संकरी सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही से आम नागरिकों की जान खतरे में पड़ रही है। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि करीब एक साल पहले भी शिवनगर क्षेत्र के एक युवक की डंपर की चपेट में आने से मौत हुई थी। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कुंडेश्वरी के मुख्य चौराहे पर सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में कैमरे लगाए जाएं और भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए। लोगों ने यह भी कहा कि नो एंट्री खुलने के बाद डंपर तेज गति से निकलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
धरने में पहुंचे आम आदमी पार्टी के नेता एवं अधिवक्ता उदित बंसल ने घटना को लेकर पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद भी आरोपी चालक का पता नहीं चलना और गिरफ्तारी नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।
ग्राम प्रधान शौर्य लखेड़ा ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने की जरूरत है। उन्होंने सुझाव दिया कि मुख्य मार्ग पर स्पीड लिमिट निर्धारित की जाए और वाहनों की गति पर नजर रखने के लिए कैमरे लगाए जाएं। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कुंडेश्वरी जैसे आबादी वाले क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए।
धरने के दौरान स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। मौके पर पुलिस प्रशासन की टीमें भी मौजूद रहीं। समाचार लिखे जाने तक परिजन आरोपी डंपर चालक की गिरफ्तारी और न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठे हुए थे।
कुंडेश्वरी क्षेत्र में डंपरों की आवाजाही और उनसे जुड़े हादसों का मुद्दा लगातार उठता रहा है। इस घटना ने एक बार फिर भारी वाहनों की गति, नो एंट्री व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और यातायात नियंत्रण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि पुलिस आरोपी चालक की पहचान कर कब तक उसे गिरफ्तार करती है और प्रशासन क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



