@शब्द दूत ब्यूरो (22 नवंबर 2026)
80 सार्वजनिक स्थलों पर आधुनिक कूड़ेदान, दो मिनी रिफ्यूज कॉम्पैक्टर वाहन, स्कूलों में स्मार्ट क्लास और नए कक्षों का प्रस्ताव; प्रमुख चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर लगेंगी हाईमास्ट लाइटें
काशीपुर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक बड़ी पहल की है। महापौर दीपक बाली ने शहर की दो प्रमुख औद्योगिक इकाइयों नैनी पेपर्स लिमिटेड और इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड (आईजीएल) से कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड के तहत करोड़ों रुपये के विकास कार्यों में सहयोग मांगा है। इन प्रस्तावों के साकार होने पर काशीपुर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के साथ ही सरकारी और अन्य शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का रास्ता खुलेगा।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि नैनी पेपर्स और इंडिया ग्लाइकोल्स दोनों ही औद्योगिक संस्थान सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते रहे हैं। नगर निगम के अनुरोध पर इन संस्थानों ने उनके कार्यकाल में जनहित के अनेक कार्यों में अनुकरणीय सहयोग दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी दोनों संस्थान काशीपुर के विकास में इसी तरह अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
शहर की सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने के लिए महापौर ने नैनी पेपर्स लिमिटेड के निदेशक एवं सीएसआर समिति को पत्र भेजकर 1 करोड़ 18 लाख 37 हजार 760 रुपये (जीएसटी सहित) का संशोधित सीएसआर अनुदान स्वीकृत करने का अनुरोध किया है।
इस धनराशि से दो मिनी रिफ्यूज कॉम्पैक्टर वाहन और 80 सेट चार रंगों वाले पैडल युक्त डस्टबिन खरीदने का प्रस्ताव है। प्रत्येक सेट में चार डस्टबिन होंगे। इस तरह कुल 320 डस्टबिन शहर के 80 सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक डस्टबिन की क्षमता 240 लीटर होगी।
खास बात यह है कि इन डस्टबिन में गीले कचरे, सूखे कचरे, सैनिटरी वेस्ट और घरेलू खतरनाक कचरे के लिए अलग-अलग रंग निर्धारित होंगे। इससे नागरिकों को घरों और सार्वजनिक स्थानों पर ही कचरे का पृथक्करण करने की सुविधा मिलेगी। डस्टबिन को मजबूत मेटल स्टैंड पर लगाया जाएगा। चोरी और क्षति से बचाने के लिए विशेष फैब्रिकेशन तथा बारिश से सुरक्षा के लिए वेदर कैनोपी की व्यवस्था भी प्रस्ताव में शामिल है।
कचरा ढोने के बजाय दबाकर ले जाएंगे आधुनिक वाहन
प्रस्तावित दो मिनी रिफ्यूज कॉम्पैक्टर वाहन काशीपुर की सफाई व्यवस्था को नई तकनीक से जोड़ेंगे। इन वाहनों में हाइड्रोलिक साइड लिफ्टर सिस्टम होगा, जिसके माध्यम से 240 लीटर क्षमता वाले डस्टबिन को उठाकर वाहन के सीलबंद हॉपर में खाली किया जा सकेगा। इसके बाद कचरे को मशीन के माध्यम से दबाकर उसका आयतन कम किया जाएगा।
इस तकनीक से कचरे के परिवहन में आसानी होगी, बार-बार कचरा उठाने की जरूरत कम होगी और परिवहन के दौरान कूड़ा सड़क पर फैलने की समस्या पर भी प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। नगर निगम ने इन वाहनों के संचालन, चालक, ईंधन और रखरखाव का खर्च स्वयं उठाने की प्रतिबद्धता भी जताई है।
वहीं, शिक्षा और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए महापौर दीपक बाली ने इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड को भी सीएसआर फंड से विभिन्न विकास कार्य कराने का प्रस्ताव भेजा है।
इसके तहत तारावती सरोजनी देवी विद्यालय, काशीपुर में दो नए कक्षों के निर्माण की मांग की गई है। इसके अलावा तारावती सरोजनी देवी विद्यालय, अलीगंज रोड और आदर्श राजकीय प्राथमिक विद्यालय, चैती फार्म अलीगंज रोड में स्मार्ट क्लास लैब स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया है। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल सकेगा।
शिक्षा को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने की इसी कड़ी में तुलाराम राजाराम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, चैती मोड़ के लिए 15 स्मार्ट बोर्ड उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया है। स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से शिक्षण कार्य को अधिक रोचक, सरल और तकनीक आधारित बनाया जा सकेगा।
आईजीएल को भेजे गए प्रस्ताव में शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत द्रोणा सागर परिसर, गन्ना अनुसंधान मोड़ और जसपुर खुर्द-चैती चौराहे पर हाईमास्ट लाइटें लगाने की मांग की गई है। इन लाइटों के लगने से सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख मार्गों पर रोशनी की बेहतर व्यवस्था हो सकेगी। इससे नागरिकों को सुविधा मिलने के साथ ही रात के समय आवागमन भी अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल शहर की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि काशीपुर को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के मामले में एक बेहतर शहर बनाना है। इसके लिए औद्योगिक संस्थानों की सामाजिक जिम्मेदारी और सहयोग का लाभ जनहित के कार्यों में लिया जा रहा है।
यदि दोनों औद्योगिक इकाइयों से प्रस्तावित सहयोग को मंजूरी मिलती है तो काशीपुर में स्वच्छता व्यवस्था के आधुनिकीकरण, विद्यालयों में शैक्षिक सुविधाओं के विस्तार और सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर रोशनी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



