Breaking News

काशीपुर :चैती मेले में पहली बार चंपावत की बाल मिठाई और लोहाघाट की पारंपरिक कढ़ाही का संगम, स्थानीय उत्पादों को मिला खास मंच, देखिए वीडियो

@शब्द दूत ब्यूरो (28 मार्च 2026)

काशीपुर। चैती मेला काशीपुर में इस वर्ष एक खास आकर्षण देखने को मिल रहा है। पहली बार चंपावत की प्रसिद्ध बाल मिठाई और लोहाघाट की पारंपरिक लोहे की कढ़ाही का स्टॉल हथकरघा विभाग की प्रदर्शनी में लगाया गया है। इन उत्पादों को देखने और खरीदने के लिए मेले में आए लोगों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।

चंपावत से आए उद्यमी प्रकाश चन्द्र तिवारी ने “शब्द दूत” से बातचीत में बताया कि वे पहली बार काशीपुर के चैती मेले में अपने उत्पाद लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि चंपावत क्षेत्र पारंपरिक उत्पादों और प्राकृतिक संसाधनों के लिए जाना जाता है, और यहां के लोगों को अपने क्षेत्र की बाल मिठाई और चॉकलेट का स्वाद चखाना उनके लिए गर्व की बात है।

प्रकाश तिवारी ने बताया कि उन्हें इस मेले और यहां स्थित मां बाल सुंदरी देवी मंदिर के पौराणिक महत्व की जानकारी पहले नहीं थी। यहां आने के बाद उन्होंने जाना कि इस स्थान का इतिहास भी उत्तराखंड के अन्य शक्तिपीठों की तरह बेहद समृद्ध है, जिससे वे काफी प्रभावित हुए।

उन्होंने कहा कि उनके परिवार में बाल मिठाई बनाने का काम पीढ़ियों से चला आ रहा है, वहीं लोहाघाट क्षेत्र के लोहार समुदाय द्वारा बनाई जाने वाली लोहे की कढ़ाही भी पारंपरिक तकनीक से तैयार की जाती है। यह कढ़ाही पूरी तरह हाथ से बनाई जाती है, जिसमें लोहे को आग में तपाकर पीट-पीटकर आकार दिया जाता है। इस प्रक्रिया में लगभग डेढ़ से दो घंटे का समय लगता है।

कढ़ाही की खासियत बताते हुए उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार का केमिकल रिएक्शन नहीं होता और इसमें भोजन बनाने से प्राकृतिक आयरन की मात्रा मिलती है, जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है।

वहीं, बाल मिठाई की बात करें तो यह चंपावत की पारंपरिक मिठाई है, जिसकी मांग दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, बरेली, नोएडा और गाजियाबाद जैसे शहरों में भी लगातार बनी हुई है।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की “वोकल फॉर लोकल” नीति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मेलों और प्रदर्शनी के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार मिल रहा है, जिससे कारीगरों और महिलाओं को रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं।

प्रकाश तिवारी ने बताया कि वे अपने उत्पादों की बिक्री ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी करते हैं और ग्राहकों को डोर-टू-डोर डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध कराते हैं।

मेले में मिले सकारात्मक प्रोत्साहन से उत्साहित तिवारी ने कहा कि भविष्य में भी वे काशीपुर आकर अपने उत्पादों को लोगों तक पहुंचाते रहेंगे।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

पेट्रोल-डीजल पर कंपनियों को बड़ी राहत! केंद्र ने घटाई एक्साइज ड्यूटी, लेकिन क्या सस्ता होगा ईंधन?

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (27 मार्च 2026) नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-