Breaking News

उत्तराखंड : प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन

@शब्द दूत ब्यूरो (12 मार्च 2026)

मध्यपूर्व की परिस्थितियों के बीच आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा, जिलों में निगरानी बढ़ाने और कालाबाजारी रोकने के निर्देश

देहरादून। मध्यपूर्व के देशों में उत्पन्न हालात को देखते हुए प्रदेश में एलपीजी और ईंधन आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भराडीसैंण से उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में सभी जिलों के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इसके अलावा ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।

बैठक में मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर कड़ी नजर रखी जाए और किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने दी जाए।

जिलों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश

मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई असामाजिक तत्व अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाए।

कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर सख्ती

बैठक में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और डायवर्जन पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए जिलों में नियमित छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया है।
मुख्य सचिव ने तहसील स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) गठित करने के निर्देश दिए, जो गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध स्टॉकिंग करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करेगी।

ऑयल कंपनियों से समन्वय बनाए रखने के निर्देश

मुख्य सचिव ने जिलों में कार्यरत ऑयल कंपनियों और गैस एजेंसियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी संभावित समस्या की जानकारी तुरंत राज्य स्तर पर साझा की जाए, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।

गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

बैठक में इंडियन ऑयल के स्टेट लेवल कोऑर्डिनेटर कृष्ण कुमार गुप्ता और स्वर्ण सिंह ने जानकारी दी कि प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से फैल रही अफवाहों पर नियंत्रण रखना बेहद जरूरी है।

अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को प्राथमिकता

बैठक में निर्णय लिया गया कि व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को दी जाएगी। फिलहाल होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति सीमित रखी जाएगी, ताकि आवश्यक सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए।

कंट्रोल रूम सक्रिय रखने के निर्देश

मुख्य सचिव ने राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। साथ ही जिलाधिकारी और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को प्रतिदिन प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से गैस सिलेंडरों की उपलब्धता और आपूर्ति की जानकारी जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई

मुख्य सचिव ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर अफवाह फैलाने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे मामलों में सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार पर तुरंत रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मौजूद रहे ये अधिकारी

बैठक में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एल. फैनई, सचिव गृह शैलेश बगौली, सचिव/आयुक्त खाद्य आनंद स्वरूप तथा महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा इंडियन ऑयल के प्रतिनिधियों और सभी जिलों के जिलाधिकारी व पुलिस अधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

एस.सी. गुड़िया आईएमटी के विद्यार्थियों ने किया पारले बिस्कुट प्लांट का औद्योगिक भ्रमण, उत्पादन प्रक्रिया को नजदीक से समझा

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (10 मार्च 2026) काशीपुर। बाजपुर रोड स्थित सत्येंद्र …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-