@शब्द दूत ब्यूरो (28 दिसंबर 2025)
हरिद्वार। राष्ट्र संचालन के लिए धर्म नीति का होना आवश्यक है और जब तक धर्म सुरक्षित रहेगा, तभी राष्ट्र भी सुरक्षित रह सकता है। यह विचार जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज ने सनातन सद्भावना समिति द्वारा आयोजित ‘धर्म रक्षक धामी’ पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में व्यक्त किए। ऋषिकुल सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों पर आधारित पुस्तक का संत-महात्माओं एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में विमोचन किया गया।
जगतगुरु शंकराचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा देवभूमि उत्तराखंड में अवैध गतिविधियों और जिहादी मानसिकता के विरुद्ध की जा रही सख्त कार्यवाही सही दिशा में है। इस पुस्तक के माध्यम से लेखिकाओं डॉ. सोनाली मिश्रा और रीना मानसेरा ने मुख्यमंत्री के कार्यों को लिपिबद्ध कर सराहनीय कार्य किया है। संतों का आशीर्वाद इस बात का प्रमाण है कि धामी सरकार का मार्ग धर्म और राष्ट्रहित में है।
निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द गिरी महाराज ने लेखिकाओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि धामी सरकार की सख्ती से जिहादी मानसिकता के लोग परेशान हैं और राज्य छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने इसे देवभूमि की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम बताया।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि इस पुस्तक के माध्यम से मुख्यमंत्री धामी को मां देवी का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है, जिससे प्रदेश की जनता को नई ऊर्जा मिलेगी।
पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को युवाओं का प्रेरणाश्रोत बताते हुए कहा कि उनके भीतर धर्म और राष्ट्र सेवा की भावना प्रबल है। जिहाद के खिलाफ धामी सरकार की कार्यवाही देवभूमि के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी।
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं नैनीताल सांसद अजय भट्ट ने कहा कि यह पुस्तक प्रदेश की जनता के लिए एक महत्वपूर्ण तोहफा है, जिससे युवा पीढ़ी मुख्यमंत्री धामी के कार्यों और नीतियों को करीब से समझ सकेगी।
कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. शाश्वतानन्द गिरी, स्वामी रूपेंद्र प्रकाश महाराज, स्वामी ललितानन्द महाराज, स्वामी यतीश्वरानंद सहित अनेक संतों ने अपने विचार रखे और धामी सरकार के प्रयासों की सराहना की। पुस्तक का परिचय डॉ. सोनाली मिश्रा ने दिया जबकि अतिथियों के प्रति आभार रीना मानसेरा ने व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. देवेंद्र भसीन ने किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, राज्य मंत्री विनय रोहिल्ला, कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, काशीपुर महापौर दीपक बाली , पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार एवं सैकड़ों संत-महात्माओं की उपस्थिति में ‘धर्म रक्षक धामी’ पुस्तक का विधिवत विमोचन संपन्न हुआ।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal