@शब्द दूत ब्यूरो (28 दिसंबर 2025)
देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अवैध धार्मिक संरचनाओं के खिलाफ धामी सरकार की सख्ती लगातार जारी है। इसी क्रम में बीती रात दून प्रशासन ने एक और अवैध मजार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई शास्त्री नगर अजबपुर कालन क्षेत्र में रोड किनारे सरकारी भूमि पर बनी अवैध मजार पर की गई।
प्रशासन की ओर से इस कार्रवाई से करीब दो सप्ताह पूर्व ही संबंधित स्थल पर नोटिस चस्पा किया गया था, जिसमें संरचना के निर्माण से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था। निर्धारित समय सीमा में कोई जवाब नहीं मिलने पर देहरादून जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन ने अवैध मजार को हटाने की कार्रवाई अमल में लाई।
नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह और एसडीएम हरि गिरी के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने बुलडोजर की मदद से अवैध मजार को ध्वस्त कर मलबा मौके से हटवाया। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान संरचना के नीचे किसी भी प्रकार के अवशेष नहीं पाए गए।
एसएसपी अजेय सिंह ने बताया कि कार्रवाई से पूर्व सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया था। करीब एक घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार का विरोध सामने नहीं आया।
गौरतलब है कि धामी सरकार अब तक सरकारी भूमि पर कब्जा कर बनाई गई 571 अवैध मजारों को हटवा चुकी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कई बार स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकारी जमीन पर बने किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसे अवैध कब्जों को स्वयं हटा लें, क्योंकि देवभूमि में सरकारी भूमि पर कब्जे का खेल किसी भी कीमत पर चलने नहीं दिया जाएगा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal