Breaking News

कारगिल विजय दिवस पर सीएम धामी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, अनुग्रह राशि डेढ़ करोड़ करने की घोषणा

@शब्द दूत ब्यूरो (26 जुलाई 2025)

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गांधी पार्क स्थित शहीद स्मारक पर कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) के अवसर पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों के परिजनों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने वीर सैनिकों के सम्मान और कल्याण से जुड़ी कई घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि चमोली जिले के कालेश्वर में ई.सी.एच.एस. केंद्र और सैनिक विश्राम गृह तथा नैनीताल में सैनिक विश्राम गृह का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उपनल के माध्यम से राज्य के 22,500 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है और उनकी विनियमितीकरण प्रक्रिया जारी है। अब पूर्व सैनिकों को विदेशों में रोजगार के अवसर भी उपनल के माध्यम से मिलेंगे, जिनमें 50% सिविलियन भी शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा परमवीर चक्र विजेताओं की अनुग्रह राशि को 50 लाख से बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपये कर दिया गया है। साथ ही अन्य वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों को दी जाने वाली एकमुश्त एवं वार्षिक धनराशि में भी वृद्धि की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों के परिजनों को मिलने वाली अनुग्रह राशि को 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दिया गया है और शहीद के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया को अब आवेदन की अवधि दो से बढ़ाकर पांच वर्ष कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और कारगिल युद्ध में राज्य के 75 जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेना की ताकत बढ़ने, अत्याधुनिक तकनीक से लैस होने और ऑपरेशन सिंदूर जैसे सफल अभियानों की चर्चा करते हुए कहा कि आज भारत दुश्मनों की हर नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों और पूर्व सैनिकों को परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है, साथ ही सेवारत व पूर्व सैनिकों को 25 लाख रुपये तक की संपत्ति खरीद पर स्टांप ड्यूटी में 25% की छूट भी दी जा रही है।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि उत्तराखंड के अब तक 1831 जवान शहीद हुए हैं, जिनमें से 1528 को वीरता पुरस्कार मिल चुके हैं। कारगिल युद्ध में देहरादून क्षेत्र के 31 जवान शहीद हुए थे। राज्य सरकार ने अब तक 37 शहीद परिवारों के आश्रितों को सरकारी नौकरी दी है।

इस मौके पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, सविता कपूर, दायित्वधारी विनोद उनियाल, सचिव सैनिक कल्याण दीपेंद्र चौधरी, मेजर जनरल सम्मी सबरवाल (से.नि), ब्रिगेडियर अमृत लाल (से.नि), एमडी उपनल ब्रिगेडियर जे.एस. बिष्ट (से.नि), ब्रिगेडियर के.जी. बहल (से.नि), जिलाधिकारी सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह सहित अनेक सैन्य अधिकारी, पूर्व सैनिक व शहीदों के परिजन उपस्थित रहे।

 

Website Design By Mytesta +91 8809666000

Check Also

 कलश यात्रा में भगदड़: 1 महिला की मौत, कई घायल, धार्मिक उत्सव मातम में बदला

🔊 Listen to this घटना में हनुमान कॉलोनी निवासी रति साहू की मौत हो गई, …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-