हमलावरों की तलाश में जुटी सुरक्षा एजेंसियां
@शब्द दूत ब्यूरो (12 सितंबर 2023)
इंफाल। मणिपुर में हिंसा की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आज सुबह सुबह आतंकवादी समूहों के लोगों ने तीन को गोलियों से भून कर हत्या कर दी। तीनों मृतक कुकी जो जनजाति समुदाय से हैं।
मणिपुर के कांगपोपकी जिले में हुई इस घटना पर एक अधिकारी ने बताया, ‘घटना की सूचना मिलते ही असल राइफल्स और राज्य पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। फिर फायरिंग रुक गई। फोर्स के पहुंचते ही हथियारबंद हत्यारे भाग निकले। फिलहाल उनकी तलाश जारी है और आसपास के इलाके की घेराबंदी करके सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।’
बता दें कि मणिपुर में तीन मई से बहुसंख्यक मैतेई और जनजातीय कुकी समुदायों के बीच लगातार झड़पें हो रही हैं और अब तक 160 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।
आज की इस घटना को लेकर अधिकारियों ने बताया कि हमलावर एक वाहन में आए और उन्होंने इंफाल पश्चिम और कांगपोपकी जिलों के सीमावर्ती इलाकों में स्थित इरेंग और करम इलाकों के बीच ग्रामीणों पर हमला किया। यह गांव पहाड़ों में स्थित है और यहां आदिवासी लोगों का प्रभुत्व है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal