
@शब्द दूत ब्यूरो (27 जुलाई 2026)
काशीपुर। शहर के चीमा चौराहा स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हत्या की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे क्रॉसिंग के पास एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले उसके साथी गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे सरकारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया।
शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन बाद में उसकी शिनाख्त गौरव धीमर पुत्र सतीश, निवासी ग्राम चतरपुर मेवला, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। बताया गया कि मृतक के नाना-नानी काशीपुर के प्रतापपुर गांव में रहते हैं।
कटोराताल चौकी प्रभारी मीना रावत ने पहचान की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। वहीं कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि युवक की हत्या धारदार हथियार से की गई है और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लंबे समय से नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। इस संबंध में कई बार पुलिस और जनप्रतिनिधियों को अवगत भी कराया जा चुका है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal