@शब्द दूत ब्यूरो (23 जुलाई 2026)
देहरादून। उत्तराखंड में भर्ती एवं शैक्षणिक परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के अभियान के तहत दून पुलिस ने उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सेमेस्टर परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने के आरोप में बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है।
कोतवाली प्रेमनगर में यूटीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के अनुसार, 8 जुलाई को आयोजित सम-सेमेस्टर परीक्षा से पहले आरोपी ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न छात्रों के साथ साझा किए थे। परीक्षा संपन्न होने के बाद प्रश्नपत्र का मिलान करने पर साझा किए गए प्रश्नों और वास्तविक प्रश्नपत्र में काफी समानता पाई गई।
विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच समिति ने भी अपनी जांच में पुष्टि की कि परीक्षा से पहले छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप और अन्य माध्यमों पर वही प्रश्न प्रसारित किए गए थे, जो परीक्षा में पूछे गए। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच शुरू की और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी कब्जे में लिए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है। साथ ही पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती परीक्षाओं से लेकर विश्वविद्यालय की परीक्षाओं तक किसी भी प्रकार की नकल, प्रश्नपत्र लीक या परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में लागू सख्त नकलरोधी कानून और लगातार चल रही कार्रवाई के परिणामस्वरूप विभिन्न मामलों में अब तक 100 से अधिक नकल माफियाओं और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और भरोसेमंद परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना है तथा इस दिशा में अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal