@शब्द दूत ब्यूरो (21 मई 2026)
नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा सेनेटोरियम-रातीघाट बाईपास रोड पर भवाली क्षेत्र के ढैला गांव के पास हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य और वाहन चालक शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे कार संख्या UP 32 QU 1874 भवाली स्थित ढैला गांव से लगभग 500 मीटर पहले अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के समय वाहन में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। हादसा इतना भयावह था कि कार सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान खटीमा निवासी भूपेंद्र सिंह चुफाल (48 वर्ष), उनकी पत्नी सीमा कैड़ा चुफाल (45 वर्ष), पुत्र वासु चुफाल (19 वर्ष), पुत्री रवी चुफाल (12 वर्ष) तथा चालक अनुज कुमार मिश्रा (34 वर्ष) निवासी अफसर नगर, आलम नगर, लखनऊ के रूप में हुई है।
घटना स्थल पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा सहित पुलिस, SDRF और SSB की टीमें मौजूद रहीं। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal