@शब्द दूत ब्यूरो (22 नवंबर 2026)
काशीपुर। बाजपुर रोड स्थित सत्येंद्र चंद्र गुड़िया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड लॉ कॉलेज (एससी गुड़िया आईएमटी) में दो दिवसीय नेशनल सिंपोजियम SECO-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। ‘Skill Development and Entrepreneurship: Challenges and Opportunities’ विषय पर आयोजित इस राष्ट्रीय संगोष्ठी में शिक्षा, तकनीक, कौशल विकास और उद्यमिता के क्षेत्र में मौजूद संभावनाओं एवं चुनौतियों पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के कुलपति प्रोफेसर सतपाल सिंह बिष्ट एवं विशिष्ट अतिथि एसपी एंजी ग्रुप के प्रबंध निदेशक और उद्योगपति योगेश जिंदल ने मां सरस्वती, संस्थान के संस्थापक स्वर्गीय सत्येंद्र चंद्र गुड़िया तथा संस्थान के प्रेरणास्रोत पंडित नारायण दत्त तिवारी के चित्रों के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर सतपाल सिंह बिष्ट ने विद्यार्थियों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर स्किल्स जितनी जरूरी हैं, उतना ही आवश्यक युवाओं में नैतिकता का भाव होना भी है। विद्यार्थियों को केवल किताबी पढ़ाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव भी हासिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस युग में किताबी ज्ञान के साथ प्रैक्टिकल नॉलेज ही विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य की ओर ले जा सकता है। इस प्रकार के राष्ट्रीय आयोजन विद्यार्थियों को उन विषयों पर काम करने का अवसर देते हैं, जिन्हें वे सामान्यतः केवल पुस्तकों में पढ़ते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए संस्थान की प्रबंध समिति को शुभकामनाएं दीं।
विशिष्ट अतिथि उद्योगपति योगेश जिंदल ने कहा कि आज के युवाओं को अपने भीतर ऐसी क्षमताएं और कौशल विकसित करने चाहिए, जिनसे वे व्यापारिक एवं औद्योगिक क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने अपने औद्योगिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि तेजी से बदलती तकनीक और प्रतिस्पर्धा के दौर में मानसिक संतुलन बनाए रखना, एकाग्रता के साथ काम करना और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना सफलता के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज का युवा ही देश के स्वर्णिम भविष्य का आधार है। शिक्षा के क्षेत्र में गुड़िया परिवार द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने आयोजन के लिए पूरे संस्थान परिवार को बधाई दी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने कॉलेज के नवस्थापित विधि विभाग की डिजिटल क्लास का शुभारंभ किया। साथ ही विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के पोस्टरों का अवलोकन भी किया।
कार्यक्रम से पूर्व संस्थान के निदेशक (पीजी) डॉ. केवल कुमार, प्राचार्य (यूजी) डॉ. निमिषा अग्रवाल एवं पवन कुमार बख्शी ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। संस्थान की एकेडमिक काउंसिल के सदस्य डॉ. नीरज आत्रेय ने स्वागत भाषण दिया। संस्थान की वाइस चेयरमैन डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय ने मुख्य अतिथि प्रोफेसर सतपाल सिंह बिष्ट को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहीं डॉ. नीरज आत्रेय एवं पंडित गोविंद बल्लभ पंत शिक्षा समिति के प्रबंधक संजय कचौड़ियां ने विशिष्ट अतिथि योगेश जिंदल को स्मृति चिह्न प्रदान किया। इस दौरान अतिथियों ने सिंपोजियम की स्मारिका का भी विमोचन किया।
दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के पहले दिन विभिन्न तकनीकी सत्रों का आयोजन किया गया, जिनमें अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को संबोधित किया और अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संयुक्त संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर (यूजी) सिमरन सेठी कुकरेजा, असिस्टेंट प्रोफेसर (विधि) ज्योति जलन एवं विधि अग्रवाल ने किया।
कार्यक्रम के आयोजक सचिव डॉ. सचिन गुप्ता ने दो दिवसीय आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की और सभी अतिथियों, विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मनोज जोशी एडवोकेट, विमल गुड़िया, जीबी पंत इंटर कॉलेज के प्रबंधक मनोज कौशिक, उमेश जोशी एडवोकेट, महेंद्र लोहिया, आशीष बधवार, राजीव चौहान, श्रीराम इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. योगराज सिंह, पृथ्वीराज चौहान इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक गोपाल सिंह चौहान, निदेशक डॉ. कपिल चौहान, उदयराज कॉलेज के प्रधानाचार्य बीके गुप्ता, उप प्रधानाचार्य मेजर मुनीश कांत शर्मा, पंडित जीबी पंत इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अजय शंकर कौशिक, गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल की प्रिंसिपल मीनल बधवार, निशित गुड़िया, काशीपुर बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विद्युशेखर शर्मा, संजय रुहेला एडवोकेट, संदीप चतुर्वेदी एडवोकेट, सौरभ शर्मा एडवोकेट, मयंक जोशी एडवोकेट, लवदीप सिंह, जीवन रेखा हॉस्पिटल के निदेशक मनोज बिष्ट, पंकज रावत, आकाश गर्ग, डॉ. निपेंद्र शर्मा, एनएसआईसी के प्रबंधक पुनीत कुमार, रीता कचौरिया, विवेक पचौरी, अंशुका पचौरी, शशांक गौर, डॉ. रमा अरोरा, डॉ. वंदना सिंह, डॉ. गीता मेहरा, शीतल अरोरा, कृति टंडन, ज्योति गोयल एवं पुष्प धामा सहित विभिन्न प्रदेशों से आए विषय विशेषज्ञ, एससी गुड़िया आईएमटी एवं चंद्रावती तिवारी कन्या महाविद्यालय के फैकल्टी सदस्य और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal



