@शब्द दूत ब्यूरो (12 सितंबर 2026)
देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देने की खबरों को स्पष्ट रूप से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सदस्यता उनके खून और हड्डियों में है और हरीश रावत जो कुछ भी है, उसके निर्माण में कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका है।
हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर जारी अपनी पोस्ट में कहा कि मीडिया के कुछ हिस्सों में यह समाचार दिया जा रहा है कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने इसे गलत बताते हुए कहा, “कांग्रेस पार्टी की सदस्यता मेरे खून और हड्डियों में है। हरीश रावत जो कुछ भी है, उस सबका निर्माण करती है। वह तो मेरे साथ ही स्वर्ग में भी जाएगी।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि देहरादून में हाल ही में हुई ईडी की कार्रवाई को लेकर उन्होंने केवल पार्टी के पदों से इस्तीफा देने की इच्छा व्यक्त की थी। रावत के मुताबिक, यदि इस कार्रवाई से कांग्रेस के भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने के नैरेटिव पर कोई असर पड़ता है तो वह प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के सदस्य और एआईसीसी की वर्किंग कमेटी के सदस्य के पद से त्यागपत्र देना चाहेंगे।
रावत ने मीडिया के साथियों से आग्रह किया कि उनके पोस्ट अथवा ट्वीट को पूरी संपूर्णता में पढ़ा जाए और उसके बाद ही समाचार प्रकाशित किया जाए। उन्होंने कहा कि उनकी बात को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफे के रूप में पेश करना सही नहीं है।
गौरतलब है कि रावत की यह प्रतिक्रिया ईडी की उस कार्रवाई के बाद आई है, जिसमें उनके पूर्व ओएसडी/सहयोगी चंदन सिंह जीना से जुड़े ठिकाने पर तलाशी की गई थी। इसी घटनाक्रम के बीच रावत ने पार्टी के भीतर अपने संगठनात्मक पदों को छोड़ने की इच्छा जताई थी।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal