@शब्द दूत ब्यूरो (12 सितंबर 2026)
कालाढूंगी। भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश प्रवक्ता विकास भगत ने विधानसभा कालाढूंगी के बैलपड़ाव स्थित बंदरजूड़ा में मातृशक्ति से भेंट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की।
विकास भगत ने कहा कि भाजपा सरकार का संकल्प है कि देश और प्रदेश की प्रत्येक महिला आत्मनिर्भर और सशक्त बने। आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। सरकार स्वरोजगार, रोजगार, शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से महिला उद्यमियों को अपना व्यवसाय शुरू करने अथवा उसका विस्तार करने के लिए ऋण सुविधा उपलब्ध है। वहीं स्टैंड-अप इंडिया योजना के तहत महिलाओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के नए उद्यमियों को विनिर्माण और सेवा क्षेत्र में उद्यम स्थापित करने के लिए बैंक ऋण की सुविधा दी जाती है।
विकास भगत ने कहा कि सिलाई सहित विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं श्रमिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी सरकार द्वारा सहायता प्रदान की जा रही है। भाजपा सरकार का लक्ष्य है कि मातृशक्ति केवल सरकारी योजनाओं की लाभार्थी न रहे, बल्कि आत्मनिर्भरता और विकास की नेतृत्वकर्ता बने।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ ही उन्हें समाज और प्रदेश के विकास में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए अवसर प्रदान कर रही है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मनीषा जंतवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनप्रीत कौर, सिवि आर्य, कमलेश लटवाल, रीता शाह, प्रीति भंडारी, दुर्गा रौतेला, राजेंद्र बिष्ट, विकास फुलारा, शोभा गोस्वामी, जानकी पंत, नीमा, कृपाल सिंह समेत अनेक गणमान्य क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal