@शब्द दूत ब्यूरो (27 जुलाई 2026)
काशीपुर। बाजपुर रोड स्थित एक रिसॉर्ट में उत्तरांचल पंजाबी महासभा द्वारा वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने भी समारोह में सहभागिता निभाते हुए समाज के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया।
समारोह के दौरान समाज के सम्मानित वरिष्ठजनों का अभिनंदन कर उनके अनुभव, संस्कार तथा समाज निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को नमन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर उत्तरांचल पंजाबी महासभा को बधाई देते हुए कहा कि समाज हित में जहां भी उनके सहयोग की आवश्यकता होगी, वे सदैव साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने इस प्रकार के सम्मान समारोहों को सामाजिक एकता और संस्कारों को सशक्त बनाने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि हमारे वरिष्ठजन समाज की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उनके आशीर्वाद, अनुभव और मार्गदर्शन से ही समाज निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहता है। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करना हमारी संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, पूर्व अध्यक्ष पंजाबी सभा राजीव घई, उत्तरांचल पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष करण मल्होत्रा, प्रदेश महामंत्री राजकुमार फुटेला, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश डाबर, कुमाऊँ अध्यक्ष हरीश जल्होत्रा, कुमाऊँ मंडल संगठन महामंत्री प्रवीण सेठी, प्रदेश सचिव मुकेश चावला, जिलाध्यक्ष त्रिलोक चंद अरोरा, कार्यक्रम संयोजक प्रीत ढींगरा, कोषाध्यक्ष संजीव कालरा, महामंत्री सूरज अरोरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश अरोरा, नगर अध्यक्ष संजय अरोरा, आनंद मल्होत्रा सहित पंजाबी समाज के सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal