@शब्द दूत ब्यूरो (07 सितंबर, 2023)
आखिर विधानसभा में माननीय विधायक तिलकराज बेहड़ का अपनी अनदेखी करने का दर्द छलक ही गया। विधानसभा अध्यक्ष के दिशा-निर्देशों के बाद अब जब भी कोई विधायक किसी अधिकारी को फोन करेंगे तो संबंधित अफसर उन्हें माननीय विधायक जी कहकर संबोधित करेंगे।
दरअसल, विधानसभा सत्र के दौरान सदन में विशेषाधिकार हनन का प्रश्न उठने पर पीठ ने यह निर्देश दिए हैं। पीठ ने कहा कि सरकार मुख्य सचिव को निर्देशित करे कि इस बात को जिलों के अधिकारियों तक पहुंचा दिया जाए।
सदन की कार्यवाही के दौरान विशेषाधिकार की अवहेलना का प्रश्न किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ ने उठाया। बेहड़ ने कहा कि उनके क्षेत्र में होने वाले तमाम सरकारी कार्यक्रमों में उनकी अनदेखी की गई। कई मौकों पर उन्हें बुलाया ही नहीं गया। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी ने पीठ से निर्देश दिए कि विधायकों के प्रोटोकॉल का हर हाल में पालन होना चाहिए।
विधायक सत्ता पक्ष का हो या विपक्ष का उन्हें स्थानीय जनप्रतिनिधि होने के नाते पूरा सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने सरकार को निर्देश दिए कि वह मुख्य सचिव के स्तर से जिला प्रशासन के सभी अधिकारियों को इस संबंध में निर्देशित करें। उन्होंने कहा कि विधायकों के फोन करने या उन्हें संबोधन में अधिकारी सम्मानजक ढंग से माननीय विधायक जी कहकर संबोधित करेंगे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
