काशीपुर । पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के गत दिवस यहाँ चामुंडा मंदिर के निकट सिंह होटल एवं रेस्टोरेंट में आयोजित कार्यक्रम कार्यकर्ताओं और उनके बीच एक संवाद था। यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं था। कार्यक्रम आयोजक त्रिलोक अधिकारी ने कहा कि इस कार्यक्रम में राजनैतिक कुछ नहीं था।
उन्होंने शब्द दूत को बताया कि कार्यक्रम निजी था। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कार्यकर्ताओं को आमने सामने रुबरू कराना था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत की व्यस्तता के कारण आम कार्यकर्ता उनसे सीधे नहीं मिल पाता। इस वजह से से सिंह होटल एवं रेस्टोरेंट में भोज आयोजित किया गया ताकि हर कार्यकर्ता उनसे सीधे संवाद कर सके।
त्रिलोक अधिकारी ने शब्द दूत से बात करते हुए कहा कि एक आम कार्यकर्त्ता होने के नाते उन्होंने स्थानीय कांग्रेस के हर वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ताओं को भोज में आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि सभी ने इस कार्यक्रम में पहुंच कर इसे सफल बनाया। इसके लिए वह सभी का आभार व्यक्त करते हैं।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में कोई मंच नहीं और न ही भाषण दिये गये। कार्यक्रम में पहुंचे सभी लोगों को उचित सम्मान व स्थान दिया गया। पूर्व मुख्यमंत्री ने वहां आये कार्यकर्ताओं और नेताओं से संवाद किया। श्री अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम पूरी तरह से व्यक्तिगत था। इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री और कार्यकर्ताओं ने मिलकर भोज ग्रहण किया।