Breaking News

मणिपुर में जहरीली शराब का कहर: अब तक 18 की मौत, 1000+ अस्पताल में; कांग्रेस ने उठाए सवाल, जांच की मांग तेज

@शब्द दूत ब्यूरो (22 नवंबर 2026)

मणिपुर में कथित तौर पर जहरीली स्थानीय शराब पीने से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक हजार से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है और कुछ आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। कांग्रेस ने इस घटना के लिए राज्य सरकार के आबकारी विभाग को जिम्मेदार ठहराया है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि शराब में जहरीला रसायन मेथनॉल मिला हुआ था। कांग्रेस विधायक दल के नेता कीशम मेघचंद्र सिंह ने मामले की स्वतंत्र जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

कांग्रेस विधायक दल के नेता कीशम मेघचंद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि राज्य में जहरीली स्थानीय शराब पीने के बाद बड़ी संख्या में लोग बीमार हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आबकारी विभाग की निगरानी में कमी के कारण यह घटना हुई। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री खुद आबकारी विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, इसलिए उन्हें स्वतंत्र जांच के आदेश देने चाहिए। सिंह ने अस्पतालों में भर्ती मरीजों से मुलाकात करने और आईसीयू में गंभीर हालत में पड़े लोगों को देखने की बात भी कही।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार तक 600 से अधिक लोगों को सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया था, जबकि शनिवार सुबह करीब 300 और लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। इस तरह अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या एक हजार से अधिक हो गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मेथनॉल मिले शराब के सेवन से लोगों की किडनी पर असर पड़ रहा है। कांग्रेस नेता ने सरकार से मृतकों के परिवारों और इलाज करा रहे लोगों को मुआवजा देने की मांग की ।

कांग्रेस नेता के मुताबिक, राज्य के कई हिस्सों से मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। उन्होंने यैरिपोक, चाकपीकारोंग, सुगनू, काकचिंग और चंदेल जिले के लोगों के अस्पतालों में भर्ती होने की जानकारी दी। यैरिपोक के कुछ मरीजों की हालत गंभीर बताई गई है और उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है। सिंह ने दावा किया कि चाकपीकारोंग के स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही करीब आठ लोगों की मौत हुई थी। उनका आरोप है कि शुरुआत में शराब पीने के बाद होने वाले लक्षणों की पहचान नहीं हो सकी और स्वास्थ्य केंद्रों ने समय रहते लोगों को चेतावनी भी नहीं दी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कई गांवों में स्थानीय स्तर पर अवैध शराब बनाई और बेची जा रही थी, तो प्रशासन को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। कांग्रेस ने शराब बनाने, एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने और बेचने की व्यवस्था के साथ लाइसेंस देने के तरीके पर भी सवाल उठाए ।

मेघचंद्र सिंह ने कहा कि इस मामले में केवल आबकारी विभाग ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और पुलिस विभाग की भी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि शराब के नमूनों की खाद्य सुरक्षा जांच कराई जाए और मौतों के मामले में आपराधिक जांच शुरू हो। उनका आरोप है कि आबकारी, गृह और स्वास्थ्य विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने राज्य में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस नेता ने मणिपुर में पहले से जारी हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य कई मोर्चों पर संकट झेल रहा है और सरकारी व्यवस्था प्रभावित हुई है। उनके मुताबिक, शराब से हुई मौतें प्रशासनिक विफलता का एक और उदाहरण हैं। पार्टी ने सरकार से पूरे मामले पर स्पष्ट बयान जारी करने की भी मांग की है।

घटना के बाद मणिपुर सरकार ने स्वास्थ्य विभाग और आबकारी विभाग की ओर से संयुक्त रूप से सार्वजनिक स्वास्थ्य चेतावनी जारी की है। इसमें कहा गया है कि पिछले 48 से 72 घंटों के दौरान संदिग्ध शराब पीने वाले लोग तुरंत नजदीकी जिला अस्पताल, इम्फाल के रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आरआईएमएस) या जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (जेएनआईएमएस) पहुंचें। धुंधला दिखाई देना, उल्टी, सांस लेने में परेशानी, चक्कर आना और पेट में दर्द जैसे लक्षणों को गंभीरता से लेने की सलाह दी गई है। सरकार ने खुद से दवा लेने और घरेलू इलाज करने से सख्ती से मना किया है। लोगों से संदिग्ध शराब पीने या उसकी बोतलें और पाउच फेंकने के बजाय उन्हें सुरक्षित रखने को कहा गया है, ताकि पुलिस और आबकारी विभाग जहरीली शराब की खेप और उसमें मिले रसायन का पता लगा सकें। राज्य के सभी अस्पतालों और निगरानी इकाइयों को अलर्ट पर रखा गया है।

Check Also

नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव : डॉ. दीपिका आत्रेय

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (19 नवंबर 2026)काशीपुर। चंद्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-