@शब्द दूत ब्यूरो (01 अगस्त 2026)
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। चंडीगढ़ से गंगाजल लेने आए चार किशोर कांवड़ियों की गंगा नहर में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक साथी के गहरे पानी में फंसने पर उसे बचाने के प्रयास में चारों किशोर तेज बहाव और गहराई की चपेट में आ गए।
जानकारी के अनुसार, सभी किशोर चंडीगढ़ से कांवड़ यात्रा पर हरिद्वार आए थे। गंगाजल लेकर लौटने से पहले वे ज्वालापुर क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास गंगा नहर में स्नान करने उतर गए। इसी दौरान एक किशोर अचानक गहरे गड्ढे में फंस गया। उसे बचाने के लिए उसके तीन साथी भी पानी में कूद पड़े, लेकिन चारों गहरे पानी और तेज बहाव में समा गए।
घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चारों किशोरों को बाहर निकाला गया, लेकिन जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान शिवांशु (16), नितीश (16), भरत (16) और रोहित (17) के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां नहर में सिल्ट जमा होने के कारण गहराई का सही अंदाजा लगाना मुश्किल था। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें तथा प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें। चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और सुरक्षा के लिए जल पुलिस, SDRF तथा अन्य बचाव दल तैनात हैं, लेकिन लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। कांवड़ यात्रा के दौरान हुई इस घटना ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal