@शब्द दूत ब्यूरो (30 जुलाई 2026)
काशीपुर। हल्द्वानी में आगामी 8 अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रस्तावित महारैली की तैयारियों को लेकर कांग्रेस के उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य गुरुवार को काशीपुर पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रैली को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की। बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्य सरकार और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।
यशपाल आर्य ने दावा किया कि प्रदेश में राजनीतिक माहौल तेजी से बदल रहा है और जनता भाजपा सरकार से मुक्ति चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल सरकार बनाना नहीं, बल्कि किसानों, युवाओं, महिलाओं, दलितों, शोषितों और कमजोर वर्गों को न्याय दिलाना तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करना है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं और पर्वतीय क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण गर्भवती महिलाओं तक को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसर समाप्त हो रहे हैं तथा भ्रष्टाचार और माफिया राज का बोलबाला है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिना पैसे के सरकारी काम नहीं हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और आम जनता की कहीं सुनवाई नहीं हो रही है।
युवाओं के मुद्दे पर बोलते हुए यशपाल आर्य ने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देशभर में बड़ी संख्या में भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं को उन्होंने बेहद शर्मनाक बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों की मांग को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।
यशपाल आर्य ने 8 अगस्त को हल्द्वानी में होने वाली कांग्रेस की महारैली के लिए प्रशासन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने समय रहते परेड ग्राउंड की अनुमति मांगी और निर्धारित शुल्क भी जमा कराया, लेकिन बाद में अनुमति नहीं दी गई। वहीं, उसी दिन अन्य कार्यक्रमों को अनुमति दिए जाने पर उन्होंने प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जनता सब देख रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस की 8 अगस्त की महारैली ऐतिहासिक होगी और इसमें प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ता व आमजन शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि उनका व्यक्तिगत कोई लक्ष्य नहीं है, बल्कि उनका उद्देश्य उत्तराखंड में जनता की सरकार स्थापित करना और कांग्रेस को सत्ता में लाना है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal