@शब्द दूत ब्यूरो (20 जुलाई 2026)
हल्द्वानी । उत्तराखण्ड सरकार के उच्च शिक्षा विभाग की महत्वाकांक्षी देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (EDII India) द्वारा हल्द्वानी स्थित ईटीसी बगजाला में तीन दिवसीय आवासीय बूट कैंप का शुभारंभ किया गया। बूट कैंप का उद्देश्य नैनीताल जनपद के उच्च शिक्षण संस्थानों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों में उद्यमिता की भावना विकसित करना तथा उन्हें स्वयं का उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ ईटीसी की प्राचार्य पूनम कांडपाल, डॉ. हरीश चंद्र जोशी (रामगढ़ महाविद्यालय), डॉ. कविता पंत, डॉ. बुरहरा (गोलापार) तथा डॉ. आशीष अंशु (गोलापार शहर महाविद्यालय) ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भरता, नवाचार और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि वर्तमान समय में उद्यमिता युवाओं के लिए रोजगार का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है।
तीन दिवसीय इस आवासीय बूट कैंप में कुल 43 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान उद्यमिता विशेषज्ञों द्वारा उद्यमी मानसिकता का विकास, व्यवसायिक विचार सृजन, विपणन, ब्रांडिंग, ब्रेनस्टॉर्मिंग और आइडिया वैलिडेशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर पांच तकनीकी सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही समूह गतिविधियों और सहभागिता आधारित व्यावहारिक अभ्यासों के माध्यम से प्रतिभागियों के कौशल विकास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में ईडीआईआई इंडिया के प्रोजेक्ट ऑफिसर नैनीताल भूपेंद्र सिंह मेहरा, अल्मोड़ा के प्रोजेक्ट ऑफिसर महेंद्र सिंह रौतेला तथा डॉ. रजत शर्मा ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें अपने नवाचार आधारित विचारों को सफल स्टार्टअप और उद्यम में बदलने के लिए प्रेरित किया।
आयोजकों ने बताया कि राज्यभर में आयोजित किए जा रहे इन आवासीय बूट कैंपों के सफल प्रतिभागियों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन आगामी छह दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP) के लिए किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा पूर्ण करने के बाद स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित करना है।
आयोजकों के अनुसार, देवभूमि उद्यमिता योजना के तहत आयोजित यह बूट कैंप उत्तराखण्ड के युवाओं में उद्यमशीलता की भावना को मजबूत करने और राज्य में नवाचार आधारित स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal