@शब्द दूत ब्यूरो (18 जुलाई 2026)
काशीपुर। नगर निगम परिसर में इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड (आईजीएल) के कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) फंड से विकसित फव्वारे एवं पार्क का महापौर दीपक बाली ने विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में महापौर ने शहर के विकास कार्यों, उद्योगों के सहयोग और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से अपने विचार रखे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विकास के मार्ग में बाधाएं आती रहती हैं, लेकिन वह उनसे विचलित होने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि “सांप, बिच्छू, मकड़ी या अपने ही लोग यदि रास्ते में बाधा बनते हैं तो भी विकास का सफर नहीं रुकेगा।”
महापौर दीपक बाली ने कबड्डी के खेल का उदाहरण देते हुए कहा कि मजबूत खिलाड़ी को रोकने के लिए कई लोग एक साथ प्रयास करते हैं, लेकिन अंततः वही खिलाड़ी मंजिल तक पहुंचता है। उन्होंने कहा कि काशीपुर की जनता ने उन्हें विकास के इस खेल का खिलाड़ी बनाया है और वह हर हाल में शहर के विकास का एक-एक कार्य पूरा करेंगे।
उन्होंने नगर निगम अधिकारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि नगर आयुक्त और निगम के अधिकारी दिन-रात शहर के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आईजीएल सहित शहर के कई उद्योग अब नगर निगम के साथ CSR के माध्यम से जनहित के कार्यों में सहयोग कर रहे हैं, जिससे विकास कार्यों को गति मिली है।
महापौर ने कहा कि आईजीएल ने अब तक लगभग 1.38 करोड़ रुपये की लागत से नगर निगम क्षेत्र में अनेक विकास कार्य कराए हैं। इनमें विभिन्न विद्यालयों में विज्ञान प्रयोगशालाएं, सरकारी स्कूलों का नवीनीकरण, छात्राओं के लिए शौचालय निर्माण, हैंडपंप स्थापना, मेडिकल कैंप, आंगनबाड़ी विकास, स्किल डेवलपमेंट, वृक्षारोपण, नगर निगम परिसर में फव्वारे का निर्माण, ग्रामीण विकास कार्य तथा बस स्टॉप जैसी कई परियोजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि नगर निगम ने उद्योगों के समक्ष आगामी तीन वर्षों का विकास रोडमैप रखा है, जिसमें शहर की आवश्यक परियोजनाओं का पूरा विवरण और अनुमानित लागत शामिल है। उन्होंने उद्योगों से अपील की कि वे अपनी रुचि के अनुसार परियोजनाओं को अपनाकर सीधे उनका निर्माण कराएं। उन्होंने कहा कि नगर निगम किसी प्रकार की नकद राशि नहीं चाहता, बल्कि उद्योग स्वयं गुणवत्ता के साथ विकास कार्य कराएं।
महापौर ने बताया कि शहर में प्रवेश मार्गों को हरित एवं आकर्षक बनाने, सड़कों के किनारे पौधारोपण, पिंक टॉयलेट, आधुनिक सफाई व्यवस्था और अन्य जनहित की योजनाओं पर भी उद्योगों के सहयोग से कार्य किया जाएगा। उन्होंने आईजीएल से लगभग 1.5 करोड़ रुपये की लागत वाली एक बड़ी आधुनिक सड़क सफाई मशीन उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया।
इस अवसर पर आईजीएल के कार्यकारी निदेशक ने कहा कि पिछले डेढ़-दो वर्षों में काशीपुर में जो परिवर्तन दिखाई दिया है, वह पहले कई दशकों में देखने को नहीं मिला। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर के विकास में नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में नगर निगम एवं उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आईजीएल भविष्य में भी काशीपुर के विकास कार्यों में CSR के माध्यम से सहयोग जारी रखेगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, उद्योग प्रतिनिधियों, पार्षदों और नागरिकों ने स्वच्छता की शपथ ली। सभी ने नियमित रूप से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा अपने घर, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
इस मौके पर नगर आयुक्त रविन्द्र बिष्ट , आलोक सिंघल एक्सिक्यूटिव डॉयरेक्टर, राजेश कुमार हेड एच. आर एंड एडमिन, विक्रांत चौधरी ए.जी.एम.एडमिन, रमेश चंद्र उपाध्यक्ष हेड लाइजनिंग, मुक्ता सिंह सदस्य राज्य महिला आयोग, जिला महामंत्री सुशील शर्मा , जिला उपाध्यक्ष मोहन बिष्ट , मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह , कल्पना राणा मंडल अध्यक्ष, पार्षद शिवांश गोले , पार्षद दीपा पाठक , पार्षद एवं प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर चंडोक , पार्षद पुष्कर बिष्ट , पार्षद विजय बॉबी , पार्षद अनिल कुमार , पार्षद शाह आलम, पार्षद अब्दुल कादिर , पार्षद अशोक सैनी , पार्षद अनूप प्रताप , पार्षद वैशाली गुप्ता , पार्षद अनिता काम्बोज , पार्षद सतीश कुमार ,पार्षद प्रिंस बाली , पार्षद राशिद फारूकी, पार्षद सीमा सागर , पार्षद गुंजन प्रजापति , पार्षद संजय शर्मा , पार्षद कुलदीप शर्मा , पार्षद मयंक मेहता , हरप्रीत सिंह हैप्पी मंडल महामंत्री, पूर्व राज्यमंत्री हफीजुर्रहमान अंसारी , चेतन अरोरा , पर्यटन प्रकोष्ट संयोजक, सर्वेश बंसल क्लीन एन्ड ग्रीन, सहायक नगर आयुक्त शालिनी नेगी , नगर स्वास्थ्य अधिकारी अमरजीत साहनी , अभिषेक गोयल , सतनाम सिंह मंडल उपाध्यक्ष, ईश्वर गुप्ता , मंजू यादव , प्रियंका अग्रवाल प्रदेश अध्यक्ष अग्रवाल सभा, सांसद प्रतिनिधि राहुल पैगिया समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal