@शब्द दूत ब्यूरो (14 जुलाई 2026)
काशीपुर। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने काशीपुर विधानसभा क्षेत्र के अपने सांसद प्रतिनिधि विजय कुमार बाबी को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर को आधिकारिक पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
12 जुलाई 2026 को जारी पत्र में सांसद अजय भट्ट ने बताया कि विजय कुमार, पुत्र सोमपाल, निवासी गिरिताल मंदिर पार्क, रामदई भवन, वार्ड संख्या-1, काशीपुर को कार्यकर्ताओं के अनुरोध पर विकास खंड से संबंधित त्रैमासिक बैठकों में उनकी अनुपस्थिति के दौरान प्रतिनिधि के रूप में नामित किया गया था।
पत्र में कहा गया है कि उन्हें जानकारी प्राप्त हुई है कि विजय कुमार किसी गैर-कानूनी मामले में वांछित हैं, जो सांसद प्रतिनिधि पद की गरिमा तथा जनप्रतिनिधि के दायित्वों के प्रतिकूल है।
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए सांसद अजय भट्ट ने विजय कुमार को काशीपुर विधानसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि पद से तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया है। साथ ही जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि इस संबंध में अपने स्तर से आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाए।
सांसद के इस निर्णय के बाद काशीपुर के राजनीतिक और संगठनात्मक हलकों में विभिन्न चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि पत्र में संबंधित गैर-कानूनी मामले का विस्तृत उल्लेख नहीं किया गया है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal