@शब्द दूत ब्यूरो (12 जुलाई 2026)
देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट की एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बहस शुरू हो गई है।
महेंद्र भट्ट ने मंदिरों में पुजारियों के वस्त्रों में जेब न रखने की व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए लिखा कि ब्राह्मण, पुजारी और पंडा मंदिर में कभी चोरी नहीं करते। उनके अनुसार, उन्हें अपने यजमानों से दक्षिणा प्राप्त होती है, इसलिए बिना जेब वाले कुर्ते पहनने की व्यवस्था पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।
उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि यदि मंदिरों में चढ़ावे की चोरी की घटनाएं होती हैं तो उसके लिए संबंधित संस्था के कर्मचारी जिम्मेदार हो सकते हैं। ऐसे कर्मचारियों के लिए आवश्यक नियम और नीतियां बनाई जाएं, इस पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। लेकिन ब्राह्मण, पुजारी और पंडा पर यजमानों का विश्वास सदैव बना रहा है और इस विश्वास का सम्मान किया जाना चाहिए।
महेंद्र भट्ट की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर पक्ष और विपक्ष में प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे पुजारियों के सम्मान और परंपरा से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था और नियम सभी पर समान रूप से लागू होने चाहिए। फिलहाल इस मुद्दे पर चर्चा लगातार जारी है।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal