लालकुआं में प्रदूषण के खिलाफ विशाल प्रदर्शन, विधायक बोले सेंचुरी पेपर मिल को सरकार से मदद दिलायेंगें
July 31, 2019545 Views
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते भाजपा विधायक नवीन दुम्का
लालकुआं। सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल के प्रदूषण के विरोध में एक विशाल जुलूस निकाला गया। जिसमें विभिन्न राजनैतिक दलों से जुड़े लोग शामिल हुए। यह जुलूस घोड़ानाला बिंदुखत्ता से होता हुआ लालकुआं तहसील पहुंचा जहां एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान स्थानीय विधायक ने भी प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया।
इस दौरान लोगों द्वारा जोरदार नारेबाजी भी की गई। इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा बिंदुखत्ता व लालकुआं क्षेत्र में सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल लालकुआं द्वारा जल, वायु एवं ध्वनि प्रदूषण फैलाया जा रहा है। साथ ही आवासीय क्षेत्र में कैमिकल युक्त गंदे पानी का नाला छोड़ा जा रहा है। जिससे क्षेत्र में जल प्रदूषण की समस्या गम्भीर हो गई है। उन्होंने मांग की कि सेंचुरी पेपर मिल प्रदूषण पर रोक लगाई जाये एवं सेंचुरी पेपर मिल के द्वारा नलकूपों के माध्यम से किए जा रहे भूमिगत जल के दोहन को रोका जाये तथा क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगारों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दिया जाये।सेंचुरी पेपर मिल प्रदूषण के खिलाफ हुए इस विरोध प्रदर्शन में भारी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से जीवन जोशी, हर्ष बिष्ट, हरीश बिशौती, प्रमोद कलौनी, आन्नद गोपाल बिष्ट, बालम सिंह बिष्ट, डॉ. मोहन बिष्ट, बलवंत दानू, मोहन अधिकारी, केदार दानू, रमेश पाठक, त्रिलोक सिंह मंटू व कफील अहमद समेत भारी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए।
उधर स्थानीय भाजपा विधायक नवीन दुम्का ने अपने संबोधन में सेंचुरी पेपर मिल की मदद के लिए सरकार से बात करने को कहा। विधायक ने साफ कहा कि यदि सेंचुरी पेपर मिल को नाले को भूमिगत करने के लिए सरकार की ओर से मदद मिलेगी। हालांकि विधायक दुम्का ने अपने संबोधन में कहीं भी सेंचुरी पेपर मिल को प्रदूषण के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया। इसके उलट आज का प्रदर्शन सेंचुरी पेपर मिल द्वारा फैलाए जा रहे प्रदूषण के खिलाफ था। हालांकि विधायक दुम्का ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि प्रदूषण के मामले में में वह जनता के साथ हैं।