@शब्द दूत ब्यूरो
काशीपुर । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा काशीपुर को छोटा कस्बा कहे जाने पर कहा कि मुख्यमंत्री जी की मंशा शहर को छोटा कहने की नहीं थी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि काशीपुर में कोरोना के कई मामले आने पर मुख्यमंत्री बोल रहे थे। विपक्षी दलों को बेकार की बातों को तूल देने की आदत है।
बता दें कि कि बीते रोज मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने एक चैनल पर कहा था कि काशीपुर जैसे बहुत छोटे कस्बे में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ने की वजह से वहाँ लॉकडाउन करने की आवश्यकता पड़ गई।
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद काशीपुर में पक्ष विपक्ष के नेताओं को मौका मिल गया और काशीपुर के कांग्रेस नेताओं ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के इस बयान पर ट्रोल करना शुरू कर दिया।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सहगल मुख्यमंत्री के बयान को शहर के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि बीस वर्षों की भाजपा की विधायकी से काशीपुर जैसा महानगर एक छोटे से कस्बे तक पहुंच गया। संदीप सहगल ने यह काशीपुर की जनता तथा यहाँ के जनप्रतिनिधियों का अपमान है। उन्होंने कहा कि शहर के लोग मुख्यमंत्री के इस बयान से आहत हुये हैं।
कांग्रेस महिला महानगर अध्यक्ष श्रीमती उमा वात्सल्य ने सूबे के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के काशीपुर को बहुत ही छोटा कस्बा कहने पर आश्चर्य के साथ दुख व्यक्त किया है। यहाँ एक बयान में श्रीमती वात्सल्य ने कहा कि आखिरकार भाजपा ने सच ही कह दिया। काशीपुर को एक कस्बे से महानगर तक पहुंचाने वाले विकास पुरुष स्व नारायण दत्त तिवारी के बाद भाजपा ने इस नगर का विकास करने के स्थान पर इसे विनाश के कगार पर पहुंचा दिया है।
उन्होंने कहा कि जिस शहर को प्रदेश के औद्योगिक नगर का दर्जा कांग्रेसनीत सरकारों के दौरान मिला था। और राष्ट्रीय ही नहीं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर काशीपुर को पहचान दिलाई थी। आज भाजपा ने उसी शहर के निवासियों को अहसास दिला दिया कि वास्तव में उनके शासन में काशीपुर को कहां पहुंचा दिया। मुख्यमंत्री ने खुद ही बता दिया कि उनके शासन काल में एक महानगर जो कि नगर निगम भी है उसे वह एक छोटे से कस्बे में बदल चुके हैं।
पूर्व भाजपा विधायक राजीव अग्रवाल ने कहा कि इस शहर को छोटे से कस्बे में तब्दील करने के लिए स्थानीय विधायक और नगर निगम मेयर जिम्मेदार हैं। हालांकि पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री शहर के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस बारे में स्थानीय विधायक हरभजन सिंह चीमा ने शब्द दूत से कहा कि यह कोई मुद्दा नहीं है। विधायक चीमा ने कहा कि हल्द्वानी रूद्रपुर जैसे शहरों की तुलना में काशीपुर छोटा शहर है। और यहाँ कोरोना पॉजिटिव के कई मामले आने के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने ऐसा कहा होगा।
उधर भाजपा पार्षद गुरविंदर सिंह चंडोक ने भी बहुत छोटे कस्बे वाले बात को बेवजह तूल देना बताया। उन्होंने भी कमोबेश भाजपा विधायक हरभजन सिंह चीमा की बात दोहराई।