फर्रुखाबाद। एक शातिर अपराधी नेे बर्थ-डे के बहाने 20 बच्चों को अपने घर में बुलाया और बंधक बना लिया। वह विधायक और अधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहा है । आरोपी ने दरवाजे के पीछे से बम और गोलियां भी चलाईं। एक बम से दीवार गिर गयीी जिसके मलबे की चपेट में आकर दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। बंधक बच्चों को छुड़ाने के लिए एटीएस के कमांडो बुलाए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के मोहम्मदाबाद तहसील के करसिया गांव में शातिर अपराधी सुभाष बाथम का घर है। उसने दो साल पहले अपने मौसा की हत्या कर दी थी। जिसमें वह जेल भी गया था। एक साल पहले वह जमानत पर छूटकर बाहर आया था। उसकी 10 साल की एक बेटी भी है।
उसने बेेटी के जन्मदिन के गांव के बच्चों को अपने घर बुलाया। सभी बच्चे दोपहर 2:30 बजे उसके घर पहुंचे। इसके बाद उसने घर अंदर से बंद कर लिया। करीब 4:30 बजे एक महिला अपने बच्चे को लेने के लिए सुभाष के घर पहुंची तो पता चला कि अंदर बच्चे बंद हैं। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर गई, लेकिन शातिर सुभाष के आगे उसकी एक नहीं चली। वह घर के अंदर से देसी बम और देसी कट्टे से फायरिंग कर रहा था।
बम की धमक से एक दीवार गिरी और मलबे की चपेट में आकर 2 पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। इस बीच एक ग्रामीण अनुपम दूबे सुभाष से बात करने उसके घर की तरफ गया। कुछ देर की बात के बाद उसने उसे गोली मार दी। बुलेट अनुपम के पैर में लगी। मामला बढ़ता देख सीनियर पुलिस अधिकारी भी मौके पर आए। सुभाष आरोप लगा रहा था कि जब वह जेल में था तो उसकी पत्नी से कुछ लोगों ने गलत काम किया। पुलिस उन लोगों को सामने लाए।
इसके अलावा सुभाष ने मांग रखी कि विधायक को भी मौके पर बुलाया जाए। बताया जाता है कि सुभाष ने अपना पूरा घर खुद बनाया था। उसने बच्चों को घर के ही किसी हिस्से में छिपाकर रखा है। आईजी मोहित अग्रवाल के अनुसार, बच्चों को सकुशल छुड़ाने के लिए एटीएस के कमांडो बुलाए गए हैं।