Breaking News

काशीपुर:रामनगर रोड, बंद कन्या विद्यालय और जर्जर स्टेडियम को लेकर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष लवदीप सिंह ने विधायक त्रिलोक सिंह चीमा को घेरा, 10 दिन का अल्टीमेटम, देखिए वीडियो

@शब्द दूत ब्यूरो (23 नवंबर 2026)

मुद्दों का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस के साथ मिलकर आंदोलन, धरना और विधायक आवास के घेराव की दी चेतावनी

काशीपुर। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष लवदीप सिंह ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में काशीपुर के भाजपा विधायक त्रिलोक सिंह चीमा पर तीखा हमला बोलते हुए शहर की बदहाल व्यवस्थाओं और वर्षों से अधूरे पड़े विकास कार्यों को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने रामनगर रोड के निर्माण में हो रही देरी, मेन बाजार स्थित छोटे जीजीआईसी विद्यालय को बंद किए जाने और काशीपुर स्टेडियम की जर्जर हालत को प्रमुखता से उठाते हुए विधायक से इन समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की।

लवदीप सिंह ने कहा कि रामनगर रोड पिछले आठ से नौ वर्षों से निर्माणाधीन है, लेकिन आज तक इसका काम पूरा नहीं हो पाया है। इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाली का सबसे अधिक खामियाजा गरीब रिक्शा चालकों और ऑटो चालकों को भुगतना पड़ता है। कई लोग किस्तों पर वाहन खरीदकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, लेकिन खराब सड़कों के कारण उनके वाहनों को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब किसी मरीज को अस्पताल ले जाना हो और रेलवे फाटक बंद हो, तब लोगों को कितनी परेशानी होती होगी। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर कुछ गड्ढे भरवाने से वर्षों की समस्या का समाधान नहीं हो सकता।

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ने कहा कि विधायक को कांग्रेस पर राजनीतिक टिप्पणियां करने के बजाय अपने क्षेत्र की समस्याओं का समाधान कराने पर ध्यान देना चाहिए। मौजूदा विधायक होने के नाते जनता के प्रति उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विधायक को रामनगर रोड से स्वयं गुजरकर वहां की वास्तविक स्थिति देखनी चाहिए और जनता को बताना चाहिए कि आठ-नौ वर्षों में भी यह महत्वपूर्ण सड़क पूरी क्यों नहीं हो पाई।

उन्होंने मेन बाजार स्थित छोटे जीजीआईसी विद्यालय को बंद किए जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लगभग 50 वर्षों से संचालित इस विद्यालय में बड़ी संख्या में छात्राएं शिक्षा ग्रहण करती थीं। अचानक विद्यालय बंद कर छात्राओं को बड़े जीजीआईसी में स्थानांतरित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में मुख्य रूप से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं। ऐसे में विद्यालय बंद होने से उन परिवारों की बच्चियों की शिक्षा और सुविधाओं पर असर पड़ा है। उन्होंने भाजपा के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ नारे पर सवाल उठाते हुए कहा कि विधायक को यह भी पता करना चाहिए कि विद्यालय बंद होने के बाद वहां पढ़ने वाली छात्राएं कहां गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि बंद पड़े विद्यालय का भवन अब नशेड़ियों का अड्डा बनता जा रहा है। उन्होंने मांग की कि विद्यालय को दोबारा सुचारू रूप से संचालित किया जाए, छात्राओं के प्रवेश शुरू किए जाएं और भवन की सुरक्षा के लिए गार्ड की व्यवस्था की जाए।

लवदीप सिंह ने काशीपुर के स्टेडियम की बदहाली पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि स्टेडियम की चारदीवारी जर्जर हालत में है और कभी भी गिर सकती है। स्विमिंग पूल सहित अन्य खेल सुविधाओं की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों और युवाओं को खेलों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जाएंगी तो उन्हें नशे और गलत संगत से दूर रखने की उम्मीद कैसे की जा सकती है। खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए स्टेडियम का जीर्णोद्धार और खेल सुविधाओं का विस्तार जरूरी है।

उन्होंने जंगा कॉलोनी की सड़क और जल निकासी व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सड़क निर्माण के दौरान उसकी ऊंचाई बढ़ा दिए जाने से कई घरों में पानी भरने की समस्या पैदा हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां जल निकासी के नाम पर सरकारी जमीन में टैंकनुमा गड्ढे बनवा दिए गए हैं और घरों के सीवरेज पानी को पहले मोटर के माध्यम से इन टैंकों में डालकर फिर नाली में छोड़ा जाता है। उन्होंने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ने कहा कि काशीपुर उत्तराखंड का महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार है, लेकिन शहर की सड़कों, जल निकासी, शिक्षा और खेल सुविधाओं की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने छत्री चौराहे के फ्लाईओवर सहित अन्य जनहित के मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस लंबे समय से इन समस्याओं को लेकर आंदोलन, ज्ञापन और प्रेस वार्ताओं के माध्यम से आवाज उठाती रही है।

लवदीप सिंह ने विधायक त्रिलोक सिंह चीमा को एक सप्ताह से दस दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इन प्रमुख समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो एनएसयूआई काशीपुर कांग्रेस के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन शुरू करेगी। इसके तहत धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर विधायक आवास का घेराव भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर चुप बैठने वाली नहीं है और शहर की जनता की समस्याओं को लेकर संघर्ष जारी रखेगी।

Check Also

उत्तराखंड के शहर जाम से बेहाल, जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल; राजनीतिक बहस में पीछे छूट रहे जनहित के मुद्दे

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (22 नवंबर 2026) देहरादून। उत्तराखंड के छोटे-बड़े शहरों …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-