@शब्द दूत ब्यूरो (03 अक्टूबर 2026)
काशीपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विकास भगत ने शनिवार को काशीपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस पर सनातन धर्म और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सोशल मीडिया पेज पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा अपने दिवंगत पिता का श्राद्ध और तर्पण किए जाने को लेकर टिप्पणी की गई तथा उनकी तुलना मारीच और रावण से की गई।
विकास भगत ने कहा कि कांग्रेस का सनातन धर्म के प्रति रवैया लगातार सामने आता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने पूर्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता के बारे में भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं और अब मुख्यमंत्री धामी के निजी धार्मिक अनुष्ठान को लेकर टिप्पणी की गई है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति द्वारा अपने माता-पिता के प्रति धार्मिक कर्तव्यों का निर्वहन करना व्यक्तिगत आस्था का विषय है और इस पर राजनीतिक टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास प्रदेश की भाजपा सरकार के विकास कार्यों का मुकाबला करने के लिए कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वह व्यक्तिगत टिप्पणियों और धार्मिक मुद्दों के जरिए राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस की ऐसी राजनीति का जवाब देगी।
विकास भगत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता आई है। उनके अनुसार अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्ति दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र सार्वजनिक रूप से सौंपे गए हैं, जबकि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों में बैकडोर भर्ती के आरोप लगते रहे हैं।
उन्होंने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का भी उल्लेख किया। विकास भगत ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में सरकारी और वन भूमि पर अतिक्रमण हुए, जिन्हें वर्तमान सरकार द्वारा हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई से कांग्रेस परेशान है।
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने मंदिर निर्माण के मामले में विरोध की राजनीति की, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर निर्माण हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सनातन आस्था से जुड़े कई विषयों पर काम किया है।
पत्रकार वार्ता में विकास भगत से कालाढूंगी विधानसभा सीट से आगामी चुनाव लड़ने की तैयारियों और उनके नाम की चर्चा को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि वह चुनाव की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन टिकट पार्टी तय करेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में किसी एक व्यक्ति का टिकट पहले से तय नहीं होता।
विकास भगत ने कहा कि वह वर्ष 2004 से भाजपा के कार्यकर्ता हैं और पार्टी जिस प्रत्याशी को टिकट देगी, सभी कार्यकर्ता उसके लिए चुनाव में काम करेंगे। अपने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने और टिकट मिलने की संभावनाओं से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी में किसी को भी टिकट मिल सकता है। टिकट का निर्णय प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा तथा जिसे भी टिकट मिलेगा, पार्टी के सभी कार्यकर्ता मिलकर उसे चुनाव लड़ाएंगे।
पत्रकार वार्ता में भाजपा विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, सृष्टि आहूजा बंसल महामंत्री सुशील शर्मा, डाॅ0 गिरीश चंद्र तिवारी, मोहन बिष्ट सर्वेश शर्मा शशि समेत तमाम भाजपा नेता मौजूद रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal