@शब्द दूत ब्यूरो (14 सितंबर 2026)
रामगढ़ (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ में हिंदी विभाग के तत्वावधान में हिंदी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हिंदी भाषा, साहित्य एवं सामान्य ज्ञान पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा हिंदी भाषा के इतिहास, महत्व एवं वर्तमान दशा विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. नगेन्द्र द्विवेदी ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने राजभाषा हिंदी के महत्व, उपयोगिता और व्यापक प्रयोग पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्वरचित गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के छह समूह बनाए गए, जिनमें प्रत्येक समूह में दो प्रतिभागी शामिल थे। प्रतियोगिता में ललिता रावत और यमुना गोस्वामी की जोड़ी ने प्रथम, दीक्षा नयाल और भावना ने द्वितीय तथा शिवानी नेगी और बबली जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता में गुंजन मेहरा ने प्रथम, प्रियांशु पाल ने द्वितीय और यमुना गोस्वामी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. हरीश चंद्र जोशी एवं डॉ. निर्मला रावत शामिल रहे। दोनों ने अपने प्रेरक संबोधन से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन हिंदी विभाग प्रभारी डॉ. विमला सिंह ने किया। समापन अवसर पर विजेताओं को पुरस्कृत किया गया तथा मिष्ठान वितरण किया गया।
इस अवसर पर डॉ. विमला सिंह, डॉ. हरीश चंद्र जोशी, डॉ. निर्मला रावत, कवींद्र प्रसाद, दीप्ति, कुंदन गोस्वामी, कमलेश डोभाल, प्रेम भारती, शीतल आर्या, चन्द्रा, विशाखा कबड़वाल, हिमानी आर्या, सुनीता बिष्ट, भूमिका बिष्ट सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal