@शब्द दूत ब्यूरो (17 जुलाई 2026)
काशीपुर। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर सोसायटी (रजि.), काशीपुर की नई त्रिवर्षीय कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। सोसायटी के चार पदाधिकारियों एवं सात कार्यकारिणी सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया मुख्य चुनाव अधिकारी की अधिसूचना के अनुसार निर्धारित कार्यक्रम के तहत संपन्न कराई जाएगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी योगेन्द्र मोहन सक्सैना ने पत्रकार वार्ता में बताया कि सोसायटी में कुल 409 मतदाता हैं। चुनाव संबंधी समस्त प्रक्रिया श्री रामलीला ग्राउंड, काशीपुर में आयोजित की जाएगी। पदाधिकारी पद के लिए चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी अथवा उनकी फर्म के नाम कम से कम 10 वर्ष पुराना एवं वैध (नवीनीकृत) ड्रग लाइसेंस होना अनिवार्य होगा। वहीं कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए कम से कम 5 वर्ष पुराना एवं वैध (नवीनीकृत) ड्रग लाइसेंस आवश्यक रहेगा।
चुनाव कार्यक्रम
- 18 जुलाई 2026 (शनिवार): नामांकन पत्रों की बिक्री सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक।
- 19 जुलाई 2026 (रविवार): नामांकन सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।
- 19 जुलाई: नामांकन पत्रों की जांच दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक।
- 19 जुलाई: प्रारंभिक (अस्थायी) प्रत्याशी सूची शाम 5:00 बजे प्रकाशित होगी।
- 20 जुलाई 2026 (सोमवार): नामांकन वापसी दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक।
- 20 जुलाई: अंतिम प्रत्याशी सूची शाम 6:00 बजे जारी की जाएगी।
- 26 जुलाई 2026 (रविवार): मतदान सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक होगा तथा मतगणना उसी दिन शाम 4:00 बजे से परिणाम घोषित होने तक जारी रहेगी।
मतदान प्रक्रिया को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाने के लिए 409 मतदाताओं को तीन मतदान कक्षों में विभाजित किया गया है। मतदाता सूची के क्रमांक 1 से 144 प्रथम कक्ष, 145 से 288 द्वितीय कक्ष तथा 289 से 409 तृतीय कक्ष में मतदान करेंगे। मतदान के समय प्रत्येक मतदाता को आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया प्रशासन के सहयोग एवं मार्गदर्शन में निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने सोसायटी के सभी सदस्यों से निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने और चुनाव प्रक्रिया में सहयोग देने की अपील की है।
पत्रकार वार्ता में मुकेश चावला, सहायक चुनाव अधिकारी, प्रियांशु बंसल सहायक चुनाव अधिकारी भी मौजूद रहे। 
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal