@शब्द दूत ब्यूरो (13 जुलाई 2026)
काशीपुर। काशीपुर नगर निगम क्षेत्र में प्रस्तावित विकास योजनाओं को शीघ्र गति देने के उद्देश्य से महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके सचिवालय स्थित कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने तथा लंबित धनराशि शीघ्र जारी करने का अनुरोध किया।
महापौर ने मुख्यमंत्री को सौंपे गए पत्रों में नगर निगम की लंबित योजनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के शीघ्र अनुमोदन से काशीपुर के विकास को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री से पूर्व में की गई घोषणाओं के अनुरूप विभिन्न विकास कार्यों के साथ-साथ शहर में पांच वेंडिंग जोन के निर्माण, डॉग शेल्टर होम की स्थापना, नगर निगम के 17 नए वार्डों में सड़क, नाला एवं नाली निर्माण, ढेला पुल के निकट व्यावसायिक परिसर के निर्माण, अवस्थापना निधि से स्वीकृत कार्यों में संशोधन तथा अतिरिक्त धनराशि जारी करने का अनुरोध किया।
महापौर ने नगर निगम क्षेत्र की प्रकाश व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए एलईडी आधारित परियोजनाओं, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, गौशाला निर्माण, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (सी एंड डी वेस्ट) प्रबंधन प्लांट तथा इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) की स्थापना संबंधी प्रस्तावों को भी शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की मांग की।
इसके अतिरिक्त उन्होंने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित 30.52 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। इन योजनाओं में मैकेनिकल रोड स्वीपिंग, जनजागरूकता अभियान, मियावाकी पद्धति से डिवाइडरों पर पौधारोपण, सड़क किनारे हरित पट्टियों का विकास तथा अन्य पर्यावरणीय कार्य शामिल हैं। महापौर ने इन योजनाओं के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया।
महापौर ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत स्वीकृत राशि का एक हिस्सा अभी तक अवमुक्त नहीं हुआ है। उन्होंने लंबित धनराशि शीघ्र जारी करने की मांग करते हुए कहा कि इससे प्रस्तावित विकास कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जा सकेंगे।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद महापौर दीपक बाली ने कहा कि उनकी यह भेंट अत्यंत सार्थक रही। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग और त्वरित निर्णयों से काशीपुर में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी, शहर की आधारभूत संरचना और अधिक मजबूत होगी तथा नागरिकों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal