फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार और तड़के के समय कम दृश्यता के कारण यह दुर्घटना हुई।
@शब्द दूत ब्यूरो (03 मार्च 2026)
हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। थाना सादाबाद क्षेत्र में माइलस्टोन 141 के पास सुबह करीब 4:00 से 4:15 बजे के बीच डबल डेकर बस और ईको वैन की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में वैन सवार 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली से राजस्थान के धौलपुर जा रही एक ईको वैन को नोएडा से गोरखपुर की ओर जा रही डबल डेकर बस ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। वैन में कुल 13 लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और यमुना एक्सप्रेसवे की राहत टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खंडौली में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है।
हाथरस के अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस ने वैन को पीछे से टक्कर मारी। ईको वैन का चालक सुरक्षित बताया जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दी जा रही है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार और तड़के के समय कम दृश्यता के कारण यह दुर्घटना हुई। एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए एक बार फिर सुरक्षा और रफ्तार नियंत्रण पर सवाल खड़े हो गए हैं।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal