देहरादून। राजधानी के नजदीक डोईवाला कोतवाली क्षेत्र में एक क्रूर पिता ने अपने बच्चों और पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दो बच्चों की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी और एक बेटी की हालत नाजुक बनी हुई है। जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।

यह ह्रदय विदारक घटना नागल ज्वालापूर (दुधली) की है। जानकारी के अनुसार दिहाड़ी मजदूरी करने वाले राम सिंह ने अपने ही परिवार पर जानलेवा हमला किया। आरोपित ने अपने दो मासूम बच्चों मुस्कान और विनय की लाठी व धारदार हथियार से हमला करके उनकी हत्या कर दी। बाद में उसने भूमिका (पुत्री) और पत्नी टीना पर भी प्राणघातक हमला किया है।
इस वारदात के बाद उसने खुद फांसी लगाने की कोशिश की।लेकिन आसपास के लोगों ने उसे रोक दिया। साथ ही घायल बच्ची, पत्नी और उसे हिमालयन अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना से गांव में हड़कंप मचा हुआ है।
डोईवाला कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक मनमोहन सिंह नेगी ने जानकारी दी कि आरोपी राम सिंह के मासूम दो छोटे लड़का और लड़की दोनों बच्चों की मौत हो चुकी है। बच्ची, पत्नी टीना और राम सिंह की हालत गंभीर है। तीनों अस्पताल में भर्ती हैं। 
अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रामसिंह ने किस वजह से इतना घातक कदम उठाया। पुलिस भी घटना के कारणों को फिलहाल बताने की स्थिति में नहीं है। क्योंकि रामसिंह व उसकी पत्नी और बच्ची से बात नहीं हो पायी है।

Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal
