@शब्द दूत ब्यूरो (04 दिसंबर 2021)
काशीपुर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कल 5 दिसंबर को काशीपुर में विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे।
मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार काशीपुर आ रहे सीएम पुष्कर सिंह धामी को लेकर काशीपुर की जनता की बड़ी उम्मीदें हैं। सीएम धामी कल पौने ग्यारह बजे रामनगर रोड स्थित स्टेडियम के अस्थायी हैलीपैड पर हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे जहाँ से वह कार में उदयराज हिंदू इंटर कालेज के मैदान में पहुंचकर एक जनसभा को संबोधित करेंगे। जहाँ वह विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास व व लोकार्पण भी करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा के लिए रवाना हो जायेंगे।
पहली बार मुख्यमंत्री के काशीपुर आगमन पर यहाँ भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह है। बता दें कि पिछले कुछ वर्षों से काशीपुर के विकास को लेकर भाजपा पर उपेक्षा का आरोप लगाया जाता है। खासकर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा काशीपुर को कस्बा कहे जाने से यहाँ की जनता में खासी नाराजगी है। ऐसे में देखना यह होगा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शहर के लिए क्या सौगात लेकर आते हैं?कस्बे को शहर का दर्जा मिलेगा या नहीं?
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal







