@शब्द दूत ब्यूरो (30 अगस्त 2021)
काशीपुर । रिबेल श्रद्धानंद पति ने कहा कि उनका रिबेल फाऊंडेशन सरकारों की बैड गवर्नेस के खिलाफ पूरे भारत में अभियान छेड़ कर जनता को जागरूक करने निकला है। इसी क्रम में वह इन दिनों उत्तराखंड के दौरे पर हैं।
रिबेल श्रद्धानंद पति यहाँ काशीपुर में किसान कांग्रेस के महानगर कार्यालय में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बात की। बताते चलें कि मिशन 2022 के तहत रिबेल श्रद्धानंद पति राज्य की 70 विधानसभा क्षेत्रों में घूम रहे हैं। वह कहते हैं कि वह यहां राजनीति करने नहीं आए हैं। बल्कि यहां की मूलभूत समस्याओं को उजागर कर व सुझाव जनता को बताने आए हैं। उन्होंने कहा कि हम राजनीतिक दलों को सचेत करना चाहते है। जहां भी पूर्ण बहुमत की सरकार है।
रिबेल श्रध्दानंद पति ने इस दौरान राजनीतिक दलों के साथ साथ मीडिया पर भी निशाना साधा। हालांकि वह राजनीतिक दलों और मीडिया को लेकर बरसे लेकिन खास बात यह रही कि उनका यह कार्यक्रम देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस द्वारा आयोजित किया गया था। इसका जबाब देते हुए उन्होंने कहा कि वह किसान कांग्रेस के साथ इसलिए आये हैं कि वह किसानों की समस्याओं पर बात करती हैं। और वह खुद किसान के बेटे हैं इसलिए जो कोई भी किसानों की बात करेगा वह उसके मंच पर जरूर आयेंगे। लेकिन वह किसी दल विशेष के समर्थन में नहीं है। उन्होंने कांग्रेस सरकार का भी विरोध किया है। उन्होंने मीडिया के उस हिस्से का भी विरोध किया है जो जनता की मूलभूत समस्याओं से दूर हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जमीनी स्तर पर नागरिकों से मिलेंगे और उनकी समस्याओं को जानेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में समस्याएं हैं तो उनके समाधान भी यहीं है। रेबेल श्रद्धानंद पति के किसान कांग्रेस महानगर कार्यालय पहुंचने पर कांग्रेस प्रदेश कमेटी सदस्य मुक्ता सिंह, किसान कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष शशांक सिंह, प्रदेश कांग्रेस महासचिव उमेश जोशी एडवोकेट, किसान कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता ललित रावत, चंद्र भूषण डोभाल, प्रदेश के सोशल मीडिया प्रभारी जितेन्द्र सिंह पांगती तथा अर्जुन रावत आदि ने स्वागत किया।
Shabddoot – शब्द दूत Online News Portal







