Breaking News

काशीपुर नगर निगम परिसर में दीपावली स्वदेशी मेले का महापौर दीपक बाली ने किया शुभारंभ, 53 दुकानों पर स्वदेशी उत्पादों की धूम

@शब्द दूत ब्यूरो (02 नवंबर 2026)

काशीपुर। नगर निगम परिसर में दूसरी बार आयोजित किए जा रहे भव्य दीपावली स्वदेशी मेले का आज दोपहर महापौर दीपक बाली ने विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने नगर एवं क्षेत्रवासियों से मेले में पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वदेशी सामान खरीदकर न केवल आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी, बल्कि छोटे और गरीब दुकानदारों को भी आर्थिक संबल तथा प्रोत्साहन मिलेगा।

महापौर दीपक बाली ने कहा कि दीपावली का पर्व खुशियों और आपसी सहयोग का प्रतीक है। ऐसे अवसर पर स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और छोटे व्यापारियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को प्राथमिकता देकर उनकी मेहनत का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने मेले में लगे विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया और दुकानदारों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि पहले दीपावली स्वदेशी मेला जीजीआईसी के सामने पुरानी जेल परिसर में आयोजित किया जाता था। लेकिन वहां मल्टीपार्किंग का निर्माण शुरू होने के कारण मेले के आयोजन में परेशानी पैदा हो गई थी। इससे गरीब दुकानदारों के सामने रोजगार और दुकान लगाने का संकट खड़ा हो गया था। दुकानदारों की परेशानी को समझते हुए महापौर दीपक बाली ने पिछले वर्ष पहली बार मेले का आयोजन नगर निगम परिसर में शुरू कराया था। यह प्रयोग सफल रहा और दुकानदारों को बेहतर स्थान उपलब्ध होने के साथ ही मेले में लोगों की अच्छी भागीदारी भी देखने को मिली। इसी सफलता को देखते हुए इस वर्ष भी नगर निगम परिसर में मेले का आयोजन किया गया है। यह मेला दीपावली तक जारी रहेगा।

इस बार मेले में कुल 53 दुकानें लगाई गई हैं, जिनमें स्वदेशी उत्पादों के साथ-साथ दीपावली की सजावट, घरेलू उपयोग और खान-पान से जुड़ी वस्तुएं उपलब्ध हैं। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पाद मेले का विशेष आकर्षण बने हुए हैं। इनमें गीता चंद्रा, रेनू नौटियाल, गायत्री देवी, मंजू, रजनी देवी, ममता, पूनम गोला, राशिदा, फहमीदा और फरीदा द्वारा तैयार मिट्टी की मूर्तियां, हस्तनिर्मित पायदान, दरी, मिट्टी की हटरी, गुलदस्ते, डलिया, टोकरी, बेडशीट और कुशन कवर शामिल हैं। इसके अलावा मिट्टी के उत्पाद, गोबर से बनी वस्तुएं और पीओपी की मूर्तियां भी ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। मेले में चाय और खान-पान के स्टाल भी लगाए गए हैं।

हथकरघा डिजाइन सेंटर की ओर से भी प्रदर्शनी लगाई गई है। सेंटर के संचालक मोहम्मद इसरार हुसैन राज्य स्तर पर सम्मानित हो चुके हैं। मेले में सौंदर्य प्रसाधन, चूड़ियां, प्लास्टिक की मालाएं, इलेक्ट्रिक झालरें, मिट्टी के दीपक, मूर्तियां, कैलेंडर, तस्वीरें और खान-पान की दुकानें भी सजाई गई हैं। उद्घाटन के बाद से ही ग्राहकों का पहुंचना शुरू हो गया है और दुकानदारों में भी उत्साह दिखाई दे रहा है।

मेले में बनाया गया आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी लोगों के बीच खासा लोकप्रिय हो रहा है। यहां पहुंचने वाले लोग तस्वीरें और सेल्फी लेकर अपनी यादों को संजो रहे हैं। कई लोगों को यह कहते हुए सुना गया कि उन्होंने पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर सेल्फी ली थी और इस बार फिर उसी याद को दोहराने पहुंचे हैं। इससे मेले में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।

दुकानदारों और ग्राहकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उद्घाटन अवसर पर दुकानदारों और उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। महापौर ने स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान खरीदारी के साथ-साथ अपने आसपास साफ-सफाई रखना भी सभी की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, शालिनी नेगी, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, चौधरी समरपाल सिंह, सफाई निरीक्षक दिनेश ध्यानी, पार्षद पुष्कर बिष्ट, सीमा सागर, प्रिंस बाली, बीना नेगी, नगर निगम कर्मचारी तनवीर आलम, पीयूष प्रधान, चेतन अरोड़ा, जसवीर सिंह सैनी, राजकुमार यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कर अधीक्षक अनिरुद्ध गौड़ ने किया।

नगर निगम परिसर में सजे इस दीपावली स्वदेशी मेले से जहां स्थानीय लोगों को त्योहार की खरीदारी के लिए एक बेहतर मंच मिला है, वहीं छोटे दुकानदारों, हस्तशिल्पियों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर भी मिल रहा है।

Check Also

एससी गुड़िया आईएमटी के 55 से अधिक विद्यार्थियों ने आईआईएम काशीपुर की वर्कशॉप में लिया प्रशिक्षण

🔊 Listen to this @शब्द दूत ब्यूरो (30 अक्टूबर 2026) काशीपुर। बाजपुर रोड स्थित सत्येंद्र …

googlesyndication.com/ I).push({ google_ad_client: "pub-